मेड्रिड। स्पेन की राष्ट्रीय फुटबाल टीम ने फीफा विश्व कप-2010 से पहले मंगलवार को खेले गए अपने अंतिम अभ्यास मैच में पोलैंड को 6-0 से पराजित कर दिया। स्पेन के लिए स्टार स्ट्राइकर फर्नाडो टॉरेस ने दो गोल किए। चोट के बाद टीम में वापसी कर रहे टॉरेस की इस सफलता ने टीम के रणनीतिकारों को खुश कर दिया लेकिन आंद्रेस इनेस्ता की चोट के कारण वह खुशी ज्यादा देर कायम नहीं रह सकी।
इनेस्ता को मैच के मध्यांतर से पहले जांघ में दर्द की शिकायत के कारण मैदान छोड़ना पड़ा था। बार्सिलोना के लिए खेलने वाले इनेस्ता को जांघ में दर्द के कारण ही पिछले स्पेनिश लीग सत्र में मैदान से बाहर रहना पड़ा था।
देखें: फीफा 2010 पर विशेष पृष्ठ
टीम प्रबंधन को इस बात का डर है कि कहीं इनेस्ता की चोट गंभीर न निकल जाए। टीम के चिकित्सक जुआन जोस गार्सिया कोटा ने कहा है कि इनेस्ता की जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव है। हम जांच करा रहे हैं। उम्मीद है कि वह जल्द ही मैदान में लौट आएंगे।
स्पेन की टीम 11 जून से शुरू हो रहे विश्व कप के लिए गुरुवार को जोहांसबर्ग पहुंचेगी। स्पेन को ग्रुप-एच में होंडूरास , स्विट्जरलैंड और चिली के साथ रखा गया है। उसका पहला मैच 16 जून को स्विट्जरलैंड के साथ होना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।