जोहांसबर्ग। फीफा विश्व कप के इतिहास में पहली बार मैन ऑफ द मैच चुनने का अधिकार प्रशंसकों को दिया गया है। प्रशंसक अपना फैसला ऑनलाइन फीफा तक भेज सकते हैं। इसी आधार पर मैच के बाद मैन ऑफ द मैच के लिए चुने गए खिलाड़ी के नाम की घोषणा होगी। फीफा ने प्रशंसकों के लिए यह काम पूरी तरह आसान बनाने का प्रयास किया है।
आप अगर फीफा विश्व कप को उसकी आधिकारिक वेबसाइट-फीफा डॉट कॉम के माध्यम से फॉलो कर रहे हैं तो आपको 'मैचकास्ट' के माध्यम से अपना फैसला दर्ज कराना होगा। इसके लिए आपको फीफा डॉट कॉम को अपने कंम्पयूटर, लैपटॉप या फिर मोबाइल पर बुकमार्क करना होगा। इसके बाद आप सिर्फ माउस क्लिक करके अपना फैसला दर्ज करा सकते हैं।
क्लिक करें- कॉमिक्स के पात्र बने डेविड बेकहम
मैन ऑफ द मैच के लिए वोटिंग मैचों के मध्यांतर के शुरू होने के साथ ही शुरू हो जाएगी। आप मैच के दौरान कई बार अपने फैसले बदल सकते हैं। आपके अंतिम फैसले पर ही मैन ऑफ द मैच का चयन होगा।
फीफा विश्व कप-2010 शुक्रवार को शुरू हो रहा है। इसका पहला मैच मेजबान दक्षिण अफ्रीका और मेक्सिको के बीच जोहांसबर्ग के सॉकर सिटी स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समयानुसार शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा।
इसके लिए आप भारतीय समयानुसार रात 8.15 के बाद वोटिंग कर सकते हैं। फीफा विश्व कप के मैच भारतीय समयानुसार शाम पांज बजे, शाम साढ़े सात बजे से और देर रात 12.00 बजे से खेले जाएंगे। भारत में इनका प्रसारण ईएसपीएन-स्टार स्पोर्ट्स और दूरदर्शन पर होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।