नई दिल्ली। विश्व के सबसे लोकप्रिय खेल आयोजनों में से एक फीफा विश्व कप-2010 का आज दक्षिण अफ्रीका में आगाज होगा। फुटबाल के इस 'महाकुंभ' में 32 देश शिरकत करेंगे। मौजूदा चैम्पियन इटली जहां खिताब की रक्षा के लिए मैदान में उतरेगा। परंतु उसके अलावा इस बार चैम्पियन ब्राजील, इंग्लैंड, अर्जेटीना, फ्रांस, जर्मनी और स्पेन को खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। विश्व कप का उद्घाटन समारोह 11 जून की शाम जोहांसबर्ग के सॉकर सिटी स्टेडियम में होगा। विश्व कप के अंतर्गत कुल 64 मैच खेले जाने हैं और इनका आयोजन नौ शहरों के 10 आयोजन स्थलों पर होना है।
उद्घाटन समारोह के बाद विश्व कप का पहला मैच मेजबान दक्षिण अफ्रीका और मेक्सिको के बीच खेला जाएगा। भारत में इस मैच का सीधा प्रसारण शाम साढ़े सात बजे से होना है। विश्व कप के लिए लगभग 28 लाख टिकट बेचे गए हैं, जबकि दुनिया भर में साढ़े तीन अरब से अधिक लोग अपने-अपने घरों में बैठकर टेलीविजन पर इसके मैचों का लुत्फ उठाएंगे। भारत में फीफा विश्व कप का प्रसारण ईएसपीएन-स्टार स्पोर्ट्स पर होना है। वैसे इसका प्रसारण दूरदर्शन पर भी होगा।
फुटबॉल विश्व कप पर विशेष
उद्घाटन समारोह के दौरान कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों के सॉकर सिटी स्टेडियम पहुंचने के आसार हैं। इसके अलावा पॉप गायिका शकीरा सहित अन्य नामचीन कलाकार अपनी कला से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। इस महाआयोजन के लिए सॉकर सिटी स्टेडियम में एक लाख के करीब लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
विश्व कप में हिस्सा लेने वाली 32 टीमों को चार-चार के आठ समूहों में विभाजित किया गया है। आठ ग्रुपों से दो-दो टीमें दूसरे दौर में प्रवेश करेंगी और फिर सभी के बीच नॉकआउट दौर के मैच खेले जाऐगे। एक महीने तक चलने वाले इस महाआयोजन के दौरान ग्रुप दौर के मैच 11 जून से 26 जून तक खेले जाने हैं।
इसके बाद 26 से 30 जून तक अंतिम-16 दौर के मैच ख्रेले जाएंगे। क्वार्टर फाइनल मैचों का दौर 2 जुलाई से शुरू होगा और फिर सेमीफाइनल छह और सात जुलाई को खेले जाएंगे। फाइनल 11 जुलाई को सॉकर सिटी स्टेडियम में ही खेला जाएगा।
ये मैच केपटाउन के ग्रीन प्वाइंट स्टेडियम, डरबन के डरबन स्टेडियम, जोहांसबग के एलिस पार्क स्टेडियम और सॉकर सिटी स्टेडियम, मैंगुआंग/ब्लोमफोंटेन के फ्री स्टेट स्टेडियम, नेल्सन मंडेला बे/पोर्ट एलिजाबेथ के नेल्सन मंडेला बे स्टेडियम, नेल्सप्रूईट के बोम्बेला स्टेडियम, पोलोक्वे के पीटर मोकाबा स्टेडियम, रस्टेनबर्ग के रॉयल बाफोकेंग स्टेडियम तथा त्श्वान/प्रीटोरिया के लोफ्ट्स वर्सफील्ड स्टेडियमों में खेले जाने हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।