लंदन। इंग्लैंड के फुटबाल प्रशंसकों ने अर्जेटीना के स्टार स्ट्राइकर लियोनेल मेसी को 'बेस्ट फुटबालर ऑन अर्थ' खिताब से नवाजा है। समाचार पत्र 'द सन' के मुताबिक इंग्लैंड में कराए गए सर्वेक्षण के दौरान ब्रिटेन के फुटबाल प्रशंसकों ने मेसी को सर्वाधिक 39 फीसदी मत दिए।
पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो 15 फीसदी मत के साथ दूसरे स्थान पर रहे जबकि इंग्लैंड के वायने रूनी 13 फीसदी मतों के साथ तीसरा स्थान ही हासिल कर सके। 'द सन' द्वारा कराए गए इस विशेष सर्वेक्षण में फुटबाल प्रेमियों ने कहा कि मेसी को दक्षिण अफ्रीका में जारी फीफा विश्व कप-2010 का 'गोल्डन बूट' मिल सकता है।
'गोल्डन बूट' टूर्नामेंट में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी को दिया जाता है। इस दौड़ में रूनी दूसरे और स्पेन के स्ट्राइकर फर्नाडो टॉरेस तीसरे स्थान पर हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।