जोहांसबर्ग। फीफा विश्व कप-2010 में रविवार तक कुल पांच मैच खेले गए हैं। इन पांच मैचों में कुल सात गोल हुए हैं, जो अलग-अलग खिलाड़ियों के नाम रहे हैं। दक्षिण अफ्रीका और मेक्सिको के बीच शुक्रवार को खेले गए उद्घाटन मुकाबले में दक्षिण अफ्रीकी मिडफील्डर शिपीवे शाबालाला ने गोल किया था। शाबालाला को मैन ऑफ द मैच चुना गया था। यह मैच दक्षिण अफ्रीका ने 1-0 से जीता था।
दूसरा मैच फ्रांस और उरुग्वे के बीच खेला गया था लेकिन पूर्व चैम्पियन फ्रांस को दक्षिण अमेरिकी देश के खिलाफ गोलरहित बराबरी पर मजबूर होना पड़ा था। तीसरा मैच शनिवार को दक्षिण कोरिया और ग्रीस के बीच खेला गया। इस मैच में दक्षिण कोरिया ने दो गोल किए और इसी अंतर से जीत हासिल की।
क्लिक करें- फीफा 2010 स्पेशल पेज
दक्षिण कोरिया के लिए पहला गोल ली जुंग सू ने किया था जबकि दूसरा गोल उसके कप्तान और स्टार स्ट्राइकर पार्क जी सुंग ने किया था। उसी दिन खेले गए दूसरे मैच में दूसरे मैच में अर्जेटीना ने नाइजीरिया को 1-0 से पराजित किया। अर्जेटीना के लिए गैब्रियल हेइंज ने शानदार हेडर के जरिए गोल किया।
दिन का तीसरा मैच इंग्लैंड और अमेरिका के बीच खेला गया। इस मैच में अमेरिका ने दो बार के चैम्पियन इंग्लैंड को बराबरी पर रोक दिया। इंग्लैंड के लिए कप्तान स्टीवन गेरहार्ड ने गोल किया जबकि अमेरिका के लिए क्लींट डेंपसे ने गोल दागा। 11 जून को शुरू हुए विश्व कप के अंतर्गत कुल 64 मैच खेले जाने हैं। विश्व कप का आयोजन 11 जुलाई तक होना है और इसके मैच नौ शहरों के 10 आयोजन स्थलों पर खेले जा रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।