लंदन। फुटबाल की सर्वोच्च संस्था-फीफा ने जोहांसबर्ग के एलिस पार्क स्टेडियम में अर्जेटीना और नाइजीरिया के बीच शनिवार को खेले गए ग्रुप-बी विश्व कप मुकाबले के दौरान किसी दर्शक द्वारा अर्जेंटीना के कोच डिएगो मैराडोना सहित कई खिलाड़ियों पर लेजर पेन द्वारा रोशनी चमकाए जाने की घटना की जांच शुरू कर दी है।
समाचार पत्र 'द गार्जियन' की रिपोर्ट के मुताबिक शनिवार को मैच के दौरान मैराडोना सहित कई खिलाड़ियों के चेहरों पर हरे रंग की रोशनी चमकाई गई थी। फीफा इस बात की जानकारी चाहता है कि आखिर कोई दर्शक लेजर बीम लेकर मैदान में घुसा कैसे?
क्लिक करें- फीफा 2010 स्पेशल पेज
फीफा ने इसे सुरक्षा के मद्देनजर गंभीर चूक बताया है। लेजर बीम या अन्य प्रकार की रोशनी फेंकने वाली वस्तुएं स्टेडियमों के अंदर पूर्ण रूप से प्रतिबंधित हैं। इस संबंध में फीफा ने स्टेडियम सुरक्षा अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है।
किसी उच्चस्तरीय मैच के दौरान लेजर पेन का उपयोग करने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले फरवरी 2008 में लियोन में खेले गए चैम्पियंस लीग मुकाबले के दौरान मैनचेस्टर युनाइटेड के खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो पर भी किसी ने लेजर रोशनी डाली थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।