जोहांसबर्ग। फीफा विश्व कप-2010 में हिस्सा ले रही नीदरलैंड की टीम के साथ चोट से उबर चुके अर्जेन रॉबेन भी जुड़ गए हैं। समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार डच कोच बर्ट वान मारविज्क ने दोहराया कि वह रॉबेन को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहते इसलिए सोमवार को डेनमार्क के खिलाफ सोमवार को होने वाले मैच वह नहीं खेलेंगे।
मारविज्क ने कहा कि रॉबेन कब खेलेंगे, इसके बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता। डच टीम को 19 जून को जापान और 24 जून को कैमरून के खिलाफ खेलना है। रॉबेन की गैरमौजूदगी नीरदलैंड के लिए भारी पड़ सकती है। हालांकि कोच को अपने बाकी खिलाडि़यों पर पूरा भरोसा है।
गौरतलब है कि पिछले दिनों में हंगरी के खिलाफ अभ्यास मैच में रॉबेन को चोट लग गई थी। इसके बाद से उनके विश्व कप अभियान को लेकर संशय बना हुआ था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।