लंदन। पुर्तगाल के स्टार स्ट्राइकर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने फीफा विश्व कप-2010 मुकाबलों के दौरान मैदान में रेफरियों द्वारा अपनी सुरक्षा किए जाने की अपील की है। समाचार पत्र 'द सन' के मुताबिक रोनाल्डो का मानना है कि विश्व कप के दौरान ज्यादा दक्ष खिलाड़ियों को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है और इस लिहाज से रेफरियों को उनके बचाव के लिए आगे आना चाहिए।
रोनाल्डो को मंगलवार को आइवरी कोस्ट के खिलाफ खेले गए विश्व कप मुकाबले के दौरान कई बार मैदान में जानबूझकर गिरा दिया गया था। आइवरी कोस्ट के खिलाड़ी गाइ डेमेल के साथ उनकी एक मौके पर झड़प भी हुई थी और इस मामले में रेफरी ने उन्हें पीला कार्ड दिखाया था।
क्लिक करें: फीफा विश्व कप का स्पेशल पेज
पत्र ने रोनाल्डो के हवाले से लिखा है, "रेफरियों को ज्यादा दक्ष खिलाड़ियों का बचाव करना चाहिए क्योंकि उन्हें जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है। एक मौके पर तो मेरे खिलाफ फाउल हुआ और उलटे मुझे ही पीला कार्ड दिखाया गया।"
इस मामले में पुर्तगाल टीम के कोच कार्लोस क्वीरोज ने रोनाल्डो का समर्थन किया है। क्वीरोज ने कहा कि रेफरी अब प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की रक्षा नहीं करते। क्वीरोज ने कहा, "आइवरी कोस्ट के खिलाड़ियों ने जानबूझकर रोनाल्डो को निशाना बनाया लेकिन इसके बावजूद रेफरी रोनाल्डो को ही दोषी ठहराते रहे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।