प्रीटोरिया। दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति जैकब जुमा ने कहा है कि उनकी टीम फीफा विश्व कप-2010 में बेशक अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाई लेकिन उन्हें इसकी निराशा नहीं क्योंकि उनका देश पहले ही विश्व कप जीत चुका है।
जुमा ने बुआ न्यूज से बातचीत के दौरान कहा, "दक्षिण अफ्रीका 15 मई 2004 को ही विश्व कप जीत चुका था। हमें मेजबानी मिलने के साथ ही हमारी जीत हुई थी। मेजबान के तौर पर पूरी दुनिया की निगाह हम पर थी और आज हमारे प्रयास को सराहा जा रहा है। हमने खुद को शानदार मेजबान साबित किया है।"
दक्षिण अफ्रीकी टीम ने विश्व कप के ग्रुप-ए में अपने पहले मुकाबले में मेक्सिको के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेला था लेकिन दूसरे मुकाबले में उसे उरुग्वे के हाथों 0-3 से हार मिली थी। दुनिया भर में खेलों के शानदार आयोजन स्थल के रूप में उभरे दक्षिण अफ्रीका पहली बार विश्व कप की मेजबानी कर रहा है। यही नहीं, विश्व कप का आयोजन पहली बार अफ्रीका महाद्वीप में हो रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।