लंदन। फीफा विश्व कप-2010 के ग्रुप मुकाबलों में लगातार दो ड्रॉ खेलने के बावजूद इंग्लैंड की राष्ट्रीय फुटबाल टीम के कोच फेबियो कापेलो को खिताबी जीत का भरोसा है। समाचार पत्र 'द सन' ने कापेलो से हवाले से लिखा है कि उन्हें पूरा भरोसा है कि उनकी टीम बुधवार को स्लोवेनिया को हराकर दूसरे दौर में पहुंचेगी और फिर खिताब भी जीतने में सफल रहेगी।
इंग्लैंड की टीम ने अब तक खेले गए दो मैचोंे से दो अंक जुटाए हैं। इस लिहाज से उसे स्लोवेनिया को हर हाल में हराना होगा। हार या फिर कम स्कोर वाले ड्रॉ की सूरत में कापेलो के अपने साथियों के साथ बोरिया-बिस्तर बांधना होगा।
क्लिक करें: फीफा से जुड़ी अन्य खबरें पढ़ने के लिए
कापेलो को भरोसा है कि उनकी टीम न सिर्फ ग्रुप-सी से अंतिम-16 में पहुंचने में सफल रहेगी बल्कि वह 11 जुलाई को जोहांसबर्ग में खेले जाने वाले खिताबी मुकाबले को भी जीतेगी।
कापेलो ने कहा, "मैं अब भी मानता हूं कि हम विश्व कप जीतकर ही स्वदेश लौटेंगे। हमारी टीम बहुत अच्छी है और यही कारण है कि दूसरी टीमें हमसे घबराई हुई हैं। हमसे खिताब छीनने के लिए उन्हें हमसे जोरदार विरोध झेलना होगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।