पोलोक्वे। फीफा विश्व कप-2010 में अर्जेटीना की टीम भले ही शानदार प्रदर्शन कर रही हो लेकिन इसके कोच डिएगो माराडोना ने खेल के इस 'महाकुंभ' में इस्तेमाल की जा रही गेंद 'जाबुलानी' को लेकर फिर नाराजगी जताई है।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार ग्रीस के खिलाफ अपनी टीम की 2-0 से जीत के बावूजद इस महान फुटबालर ने कहा, "इस टूर्नामेंट में सभी टीमों के लिए मैदान और गेंद एक ही है लेकिन सभी टीमों के पैर (खेलने की शैली) समान नहीं है। गेंद में अधिक उछाल है और इसके घास पर तेजी से भागने की वजह से सबसे ज्यादा असर हमारी टीम पर पड़ रहा है।"
वैसे यह पहली बार नहीं है कि माराडोना ने इस गेंद को लेकर अपनी नाराजगी जताई है। नाइजीरिया के खिलाफ मैच जीतने के बाद भी उन्होंने कहा था कि जाबुलानी में कोई स्पिन नहीं और इस पर नियंत्रण कर पाना मुश्किल है।
माराडोना ने महान फुटबालर पेले सहित कुछ लोगों पर सीधा निशाना साधते हुए कहा, "उन लोगों को डिएगो माराडोना के बारे में बात करने की बजाय इस गेंद को लेकर बात करनी चाहिए। मैंने इस गेंद को लेकर अभ्यास के दौरान पूरी कोशिश की लेकिन इसे क्रास मार पाना मुश्किल है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।