डरबन। हॉलैंड ने डरबन स्टेडियम में सोमवार को खेले गए फीफा विश्व कप-2010 के अंतिम-16 दौर के मुकाबले में स्लोवाकिया को 2-1 से हरा दिया। हॉलैंड के लिए फारवर्ड खिलाड़ी अर्जेन रोबेन ने 18वें मिनट मैच का पहला गोल किया जबकि दूसरा गोल मिडफील्डर वेसले श्नाइडर ने 84वें मिनट किया।
स्लोवाकिया के लिए पहला गोल रॉबर्ट विट्टेक ने इंजरी टाइम के दौरान किया। विट्टेक का इस विश्व कप में यह चौथा गोल है। मध्यांतर तक विजेता टीम 1-0 से आगे थी।
इस जीत ने हॉलैंड को क्वार्टर फाइनल में पहुंचा दिया है। हॉलैंड की टीम इस विश्व कप में अब तक अजेय है। उसने ग्रुप स्तर में अपने तीनों मैच जीते थे। अगले दौर में उसकी भिड़ंत ब्राजील और चिली के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता टीम से होगी। यह मैच सोमवार देर रात खेला जाना है।