नई दिल्ली। फीफा वर्ल्ड कप 2018 के बुधवार के एक मुकाबले में इस वर्ल्ड कप की दूसरी सबसे कम रैंकिंग वाली टीम सऊदी अरब का मुकाबला उरुग्वे से होगा। फुटबाल विश्वकप के ओपनिंग मैच में मेजबान रूस के खिलाफ पांच गोल खाने के बाद मनोवैज्ञानिक दबाव झेल रही सऊदी अरब की टीम बुधवार को लुईस सुआरेज स्टारर उरुग्वे के खिलाफ चुनौतीपूर्ण मुकाबले में अपने पिछले रिकार्ड के भरोसे वापसी के लिये जोर लगाएगी। ग्रुप ए की दोनों टीमें रोस्तोव ऑन डॉन में एक दूसरे से भिड़ेंगी जहां उरुग्वे बेहतर प्रदर्शन के साथ दूसरी जीत के लिये उतरेगी। दिलचस्प तथ्य यह है कि दो बार की चैंपियन उरुग्वे ने कभी भी सऊदी अरब को नहीं हराया है। सउदी अरब ने 2002 में उरुग्वे से दोस्ताना मैच जीता था जबकि 2014 में उनके बीच दोस्ताना मैच ड्रॉ रहा था।
वहीं इसके अलावा उरुग्वे हर हाल में इस मैच में जीत हासिल करना चाहेंगी। क्योंकि उसके कप्तान लुईस सुआरेज का ये 100वां मैच होगा। सुआरेज का वर्ल्ड कप इतिहास विवादों से भरा रहा है। 2014 फीफा वर्ल्ड कप में उरुग्वे के धाकड़ स्ट्राइकर सुअरेज को उस घटना के बाद नौ मैचों का अंतरराष्ट्रीय बैन मिला था। इसके अलावा उन्होंने 4 महीनों के लिए सभी फुटबॉल गतिविधियों से भी निलंबित कर दिया गया था। सुआरेज के निलंबन के बाद उनकी टीम राउंड ऑफ 16 (16वें राउंड) में कोलंबिया से हारकर बाहर हो गई थी। इसके अलावा दक्षिण अफ्रीका में 2010 में खेले गए फीफा वर्ल्ड कप में घाना के खिलाफ हाथों का इस्तेमाल करते हुए सुआरेज ने गोल रोका था। जिसके बाद भी उन्हें सजा मिली थी।
हालांकि अब उनकी निगाहें अपनी टीम को अपने 100वें मैच में जीत दिलाकर नॉकआउट चरण में पहुंचाने होंगी। यह लगातार तीसरा मौका होगा जब उरुग्वे की टीम विश्व कप के नॉकआउट चरण में प्रवेश करेगी। उरुग्वे ने अपने पहले मुकाले में मिस्र को 1-0 से हराया था। तमाम विवादों के बावजूद सुआरेज उरुग्वे के लिए सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने अब तक 99 मुकाबलों में 51 अंतरराष्ट्रीय गोल दागे हैं। इनमें से पांच गोल उन्होंने विश्व कप में दागे हैं।
उरुग्वे vs साउदी अरब - 08.30PM - रोस्तोव-ऑन-डॉन