Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block

आस्ट्रेलियन ओपन : भारत के लिए सफलता भरा दिन, जानकोविक बाहर (राउंडअप)

सातवें दिन हालांकि एक जबरदस्त अनहोनी हुई जब चौथे दौर के एकल मुकाबले में विश्व की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त महिला खिलाड़ी सर्बिया की जेलेना जानकोविक को हार का सामना करना पड़ा। इसके अलावा पुरुष वर्ग में रोजर फेडरर और एंडी रॉडिक जैसे दिग्गज आसानी से जीत हासिल करने में सफल रहे।

रविवार को खेले गए प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में सानिया-भूपति की गैरवरीयता प्राप्त जोड़ी ने आस्ट्रेलिया की एनेस्टेसिया रोडियोनोवा और स्टीफन हस की जोड़ी को 54 मिनट में 6-2, 6-1 से पराजित किया।

अगले दौर में सानिया और भूपति का सामना कनाडा की एलेक्जेंड्रा वोजनैक और डेनियल नेस्टर की जोड़ी तथा चीन की यी जान और बहामास के मार्क नोल्स की जोड़ी के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से होगा।

दूसरी ओर, जिंबाब्वे की कारा ब्लेक के साथ खेल रहे पेस ने जर्मनी की एना लेना ग्रोएनफील्ड और सर्बिया के नेनाद जिमोनजिक को पराजित किया। पेस-ब्लेक ने यह मुकाबला 6-4, 4-6, 10-7 से जीता।

पेस और ब्लेक अगले दौर में स्विट्जरलैंड की पैटी श्नाइडर और दक्षिण अफ्रीका के वेसले मूडी की जोड़ी से भिड़ेंगे, जिसने रूस की एलिसा क्लेबेनोवा और ब्राजील के ब्रूनो सोरेस को 6-3, 6-4 से पराजित किया।

उधर, बालकों के जूनियर वर्ग में भारत के युकी भांबरी भी अगले दौर में जगह बनाने में सफल रहे। रविवार को ही खेले गए रोमांचक मुकाबले में युकी ने जर्मनी के सांचेज डेलफिन को 4-6, 6-1, 8-6 से पराजित किया। युकी दूसरे दौर में पहुंच गए हैं।

अगले दौर में युकी का सामना आस्ट्रेलिया के स्टीफन होह से होगा, जिन्होंने अमेरिका के हैरी फ्लावर को 4-6, 6-3, 6-2 से हराकर बाहर का रास्ता दिखाया।

पुरुषों के एकल वर्ग में विश्व के दूसरी वरीयता प्राप्त टेनिस खिलाड़ी स्विट्जरलैंड के फेडरर ने चौथे दौैर में चेक गणराज्य के थॉमस बेरड्रेक पर संघर्षपूर्ण जीत दर्ज की। अपने करियर का 14वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने के लिए प्रयासरत फेडरर ने 20वें वरीयता प्राप्त खिलाड़ी बेरड्रेक को 4-6, 7-6, 6-4, 6-4, 6-2 से पराजित किया।

पुरुष वर्ग के अन्य मुकाबलों में अमेरिका के एंडी रॉडिक और अर्जेटीना के जुआन मार्टिन डेल पोटरो भी चौथे दौर में जीत हासिल करने में सफल रहे। सातवीं वरीयता प्राप्त रॉडिक ने जहां स्पेन के टॉमी रोब्रेडो को 7-5, 6-1, 6-3 से हराया वहीं आठवीं वरीयता प्राप्त पोटरो ने चार सेट तक चले मुकाबले में क्रोएशिया के मैरिन सिलिक को 5-7, 6-4, 6-4, 6-2 से पराजित किया।

महिला वर्ग में सातवें दिन फ्रांस की खिलाड़ी मैरियन बारतोली ने जबरदस्त उलटफेर करते हुए जानकोविक को बाहर का रास्ता दिखा दिया। 2007 में विंबलडन का फाइनल खेल चुकीं 16वीं वरीयता प्राप्त बारतोली ने चौथे दौर के मुकाबले में जानकोविक को 6-1, 6-4 से पराजित किया।

पूरे मैच के दौरान जहां बारतोली तीन एस लगाने में सफल रहीं वहीं पहली बार ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने के लिए प्रयासरत जानकोविक के रैकेट से एक भी एस नहीं निकल सका। बारतोली ने कुल 70 अंक अर्जित किए जबकि जानकोविक केवल 53 अंक जुटा सकीं।

महिला वर्ग के चौथे दौर के एक अन्य मुकाबले में तीसरी वरीयता प्राप्त रूस की दिनारा सफीना ने 15वीं वरीयता प्राप्त फ्रांसीसी खिलाड़ी एलिज कार्नेट की छुट्टी कर दी। सफीना ने यह मैच 6-2, 2-6, 7-5 से जीता।

रूस की वेरा ज्योनारेवा ने अपने ही देश की नादिया पेत्रोवा को 7-5, 6-4 से पराजित कर प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली। पेत्रोवा ने दूसरे दौर में भारत की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त खिलाड़ी सानिया मिर्जा को पराजित किया था।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 12:21 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+