आस्ट्रेलिया को चौथे दिन पहले सत्र में ही तीन झटके लगे। ये तीनों झटके ईशांत शर्मा ने दिए। इसके बाद हरभजन सिंह एवं प्रज्ञान ओझा ने तीन बल्लेबाजों को पेवेलियन की राह दिखा दी। आखिर में भारतीय टीम के सबसे अनुभवी तेज गेंदबाज जहीर खान ने आस्ट्रेलिया के पुछल्ले बल्लेबाजों को सस्ते में पेवेलियन की राह दिखाकर भारत के लिए जीत की उम्मीदें जगा दी।
पहली पारी में पांच विकेट झटकने वाले जहीर ने दूसरी पारी में भी चमके। उन्होंने 43 रन देकर तीन विकेट चटकाए। उनके अलावा ईशांत ने भी 34 रन देकर तीन विकेट झटके। हरभजन सिंह को दो और प्रज्ञान ओझा को एक विकेट मिला।
पहली पारी के आधार पर 23 रनों की बढ़त हासिल करने वाली आस्ट्रेलियाई टीम को चौथे दिन वाटसन और कैटिच ने मनचाही शुरुआत दी। पहली पारी में शानदार शतक जड़ने वाले वाटसन ने दूसरी पारी में खुलकर हाथ दिखाए। तेजी से रन बटोरने की कोशिश में लगे वाटसन ईशांत शर्मा की एक गेंद पर चकमा खा गए और क्लीन बोल्ड हो गए। उन्होंने 59 गेंदों पर सात चौकों और एक छक्के की मदद से 56 रन बनाए।
वाटसन के पेवेलियन लौटने के बाद कप्तान पोंटिंग ने मैदान पर उतरते ही शानदार ढंग से चौका जड़ा लेकिन इसके बाद ईशांत ने उन पर भी पूरी तरह अंकुश लगा दिया। वह महज चार रन बनाकर ईशांत का शिकार बन गए। इसके बाद माइकल क्लार्क भी ईशांत की गेंद पर विकेट के पीछे लपके गए। क्लार्क सिर्फ चार रन ही बना सके। इसके बाद हरभजन ने माइक हसी (28) और मार्कस नॉर्थ (10) पेवेलियन की राह दिखा दी। कैटिच भी 37 रन बनाकर ओझा का शिकार बन गए।
तीसरे दिन आस्ट्रेलिया की पहली पारी के 428 रनों के जवाब में भारतीय टीम ने 405 रन बनाए। इसमें सचिन तेंदुलकर के 98 रनों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सचिन पूरी सूझबूझ के साथ अपने करियर के 49वें शतक की ओर बढ़ रहे थे लेकिन वह मार्कस नॉर्थ की एक फिरकी को समझने में चूक गए और पगबाधा करार दिए गए। उन्होंने 189 गेंदों पर 13 चौकों की मदद से 98 रन बनाए।
सचिन के अलावा भारत की ओर से सुरेश रैना ने 86 और राहुल द्रविड़ 77 रनों का योगदान दिया। खेल के दूसरे दिन वीरेंद्र सहवाग ने 54 गेंदों पर 59 रनों की पारी खेली थी। आस्ट्रेलिया की ओर से मिशेल जानसन ने 64 रन देकर पांच विकेट झटके। उनके अलावा नॉथन हॉरिट्ज और डॉग बोलिंगर ने भी दो-दो विकेट चटकाए।
आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम ने अपनी पहली पारी में 428 रन बनाए। मेहमान टीम की ओर से वाटसन ने सर्वाधिक 126 और टिम पैन ने 92 रन बनाए। इन दोनों बल्लेबाजों के अलावा कप्तान रिकी पोंटिंग ने 71 रनों का योगदान दिया। भारत की ओर से जहीर खान ने 30 ओवरों में 94 रन खर्च किए और पांच विकेट चटकाए। उनके अलावा इस मैच में हरभजन सिंह ने भी 114 रन देकर तीन विकेट लिए। एक विकेट ओझा के नाम रहा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।