आईसीसी एकदिवसीय रैंकिंग के शीर्ष पर पहुंचे धोनी
श्रीलंका के साथ दाम्बुला के रांगिरी स्टेडियम में बुधवार को खेले गए पहले एकदिवसीय मुकाबले में 61 रनों की नाबाद पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाने वाले धोनी ने वेस्टइंडीज के कप्तान क्रिस गेल से शीर्ष क्रम की कुर्सी हासिल की है।
उधर, दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज अब्राहम डिविलियर्स अगस्त 2008 के बाद पहली बार शीर्ष-10 बल्लेबाजों में स्थान बनाने में सफल रहे हैं। डिविलियर्स ने आस्ट्रेलिया के साथ खेली गई पांच मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला में 63.66 के औसत से रन बटोरे। आस्ट्रेलिया ने यह श्रृंखला 4-1 से जीती।
भारत के सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर चार स्थान की छलांग के साथ शीर्ष-20 बल्लेबाजों में स्थान बनाने में सफल रहे हैं।
दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज जे.पी. डुमिनी और हाशिम अमला भी बल्लेबाजों की तालिका में लंबी छलांग लगाने में सफल रहे हैं। डुमिनी ने जहां आठ स्थानों की छलांग लगाई है वहीं अमला तीन स्थानों की छलांग के साथ 34वें से 37वें क्रम पर पहुंच गए हैं।
गेंदबाजों की रैंकिंग में हालांकि कोई बदलाव नहीं आया है। पहले पांच स्थान पर काबिज गेंदबाज अपना स्थान बचाने में सफल रहे हैं। न्यूजीलैंड के कप्तान डेनियल विटोरी पहले स्थान पर हैं जबकि श्रीलंका के नुवान कुलसेकरा दूसरे स्थान पर हैं।
भारत के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जहीर खान दो स्थान की छलांग के साथ संयुक्त रूप से नौवें स्थान पर पहुंच गए हैं। इंग्लैंड के एंड्रयू फ्लिंटॉफ भी नौवें स्थान पर हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications