नई दिल्ली। दुनिया के महान फुटबॉलरों में शुमार अर्जेंटीना के लियोनल मेसी ने रविवार को अपना 31वां जन्मदिन मनाया। अपना 'आखिरी' वर्ल्ड कप खेल रहे लियोनल मेसी बेहद बुरे समय से गुजर रहे हैं जहां उनकी टीम ग्रुप दौर से ही बाहर होने की कगार पर खड़ी है। हालांकि जन्मदिन पर उनकी पत्नी से मिले एक खास मैसेज ने उन्हें जरूर खुश किया होगा।
24 जून, 1987 को जन्मे अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी की वाइफ ऐंतोनेला रोकुजो ने स्पेशल मेसेज लिखा। उन्होंने मेसी के साथ वाली तस्वीर शेयर करते हुए लिखा- "जन्मदिन मुबारक हो...। हम आपसे बहुत प्यार करते हैं। मुझे दुनिया की सबसे स्पेशल वाइफ बनाने के लिए शुक्रिया। आप खुश रहें और हमें हमेशा यूं ही प्यार करें।"
गौरतलब है कि इस समय न केवल मेसी बल्कि उनके फैंस भी बेहद उदास होंगे। दरअसल अपने पहले मैच में आइसलैंड के साथ ड्रॉ खेलने के बाद अर्जेंटीना को क्रोएशिया के हाथों 3-0 से करारी हार का सामना करना पड़ा था। मेसी अब तक वर्ल्ड कप 2018 में एक भी गोल नहीं कर पाए हैं। यहां तक कि उनसे पहले मैच में एक पेनाल्टी भी मिस हो गई थी। फिलहाल यह मेसेज उनके लिए बेहद खास होगा।