अहमदाबाद टेस्ट : संकटमोचक बने लक्ष्मण और हरभजन (लीड-1)
चौथे दिन छह प्रमुख बल्लेबाजों के पेवेलियन लौटने के बाद लक्ष्मण पर टीम इंडिया को संकट से उबराने की जिम्मेदारी थी। उन्होंने चौथे और पांचवे दिन भी इस जिम्मेदारी को बखूबी समझा। इसीलिए खेल के आखिरी दिन के शुरुआती सत्र में न खुद कोई जोखिम लिया और दूसरे छोर पर हरभजन को संयम बनाए रखने के लिए प्रेरित भी किया।
इस बीच पहले लक्ष्मण और फिर हरभजन ने अपने-अपने अर्धशतक पूरे किए। टेस्ट मैचों में लक्ष्मण का यह 47वां और हरभजन का आठवां अर्धशतक है। लक्ष्मण 65 और हरभजन 60 रन बनाकर नाबाद थे। भारतीय टीम को पहली पारी में 28 रनों की बढ़त मिली थी और इस लिहाज अब तक उसने कुल 192 रनों की बढ़त बना ली है।
खेल के चौथे दिन दूसरी पारी में शीर्ष भारतीय बल्लेबाजों ने कीवियों के सामने घुटने टेक दिए। भारतीय पारी के संकट में होने का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि एक समय भारत के पांच खिलाड़ी महज 15 रनों के कुल स्कोर पर पेवेलियन लौट चुके थे। विश्व की इस सर्वश्रेष्ठ टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धौनी भी छठे विकेट के रूप में जब आउट हुए तो उस समय टीम का स्कोर सिर्फ 65 रन था। चौथे दिन का खेल खत्म होने पर भारतीय टीम ने छह विकेट पर 82 रन बनाए थे।
कीवी टीम ने भारत की पहली पारी के 487 रनों के जवाब में 459 रन बनाए। न्यूजीलैंड की ओर से केन विलियम्सन ने सर्वाधिक 131 रनों की पारी खेली। उनके अलावा जेसी राइडर ने 103 रनों की शानदार पारी खेली। ब्रेंडन मैकलम 65 और रॉस टेलर ने 56 रन बनाए।
भारत ने अपनी पहली पारी में 487 रन बनाए। मैच के पहले दिन सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग (173) और राहुल द्रविड़ (104) ने बेहतरीन पारी खेल टीम को मजबूती प्रदान की थी। इनके अलावा सचिन तेंदुलकर और लक्ष्मण ने 40-40 रन बनाए थे। सचिन अपने करियर का 50वां शतक जड़ने से चूक गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications