चैम्पियंस लीग : विक्टोरिया ने सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स को 7 विकेट से हराया (राउंडअप)
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी स्टैग्स की टीम ने 20 ओवरों में पांच विकेट खोकर 165 रन रन बनाए। इसके जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी विक्टोरिया की टीम ने 19.4 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 166 रन बना लिए।
विक्टोरिया की ओर से सलामी बल्लेबाज एरॉन फिंच ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने 60 गेंदों में 11 चौके और तीन छक्के की मदद से नाबाद 93 रन बनाए। वह शतक से मात्र सात रन दूर रह गए।
विक्टोरिया के सलामी बल्लेबाज रॉब क्वेने 15, विकेटकीपर मैथ्यू वेड 9 और कप्तान डेविड हसी 18 रन बनाकर आउट हुए। मैकडोनाल्ड 18 रन बनाकर नाबाद रहे।
पहला विकेट 40 रन के कुल योग पर गिरा जबकि दूसरा विकेट 49 रन के कुल योग पर। फिंच के साथ 51 रन जोड़ने वाले हसी का विकेट 100 रन के कुल योग पर गिरा।
इससे पहले, टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी स्टैग्स की टीम ने एक समय 10 ओवरों में तीन विकेट खोकर मात्र 48 रन बनाए थे लेकिन इसके बाद कप्तान जैमी होव की शानदार नाबाद अर्धशतकीय पारी ने खेल का मंजर बदल दिया।
20 ओवरों की समाप्ति तक स्टैग्स ने पांच विकेट खोकर 165 रनों का चुनौतीपूर्ण योग खड़ा किया। होव (नाबाद 77) ने जॉर्ज वर्कर (29) और ब्रेंडन डियामांती (19) के साथ चौथे और पांचवें विकेटों के लिए बहुमूल्य साझदारियां निभाकर अपनी टीम को मजबूत स्थित में पहुंचा दिया।
अपनी 55 गेंदों की पारी में 10 चौके और तीन छक्के लगाने वाले होव ने वर्कर के साथ चौथे विकेट के लिए 53 और डियामांती के साथ पांचवें विकेट के लिए 66 रन जोड़े।
स्टैग्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। उसका पहला विकेट एक रन के कुल योग पर गिरा था। सलामी बल्लेबाज पीटर इन्ग्राम खाता खोले बगैर पेवेलियन लौैटे। इसके बाद तीन रन के कुल योग पर टिम वेस्टन (2) भी आउट हो गए। दोनों विकेट तेज गेंदबाज पीटर सिडल ने लिया।
30 रन के कुल योग पर तीसरे विकेट के तौर पर मैथ्यू सिन्क्लेयर (14) का विकेट गिरा। सिन्क्लेयर ने अपनी 21 गेंदों की पारी में तीन चौके लगाए। वर्कर का विकेट 83 और डियामांती का विकेट 149 रन पर गिरा। केरन नोएमा बार्नेट ने नाबाद 13 रन जोड़े। उन्होंने सात गेंदों का सामना करते हुए एक चौका और एक छक्का जड़ा।
ग्रुप-ए में दोनों टीमों का यह दूसरा मुकाबला था। दोनों टीमें अपना-अपना पहला मैच हार चुकी हैं। विक्टोरिया को दिग्गज खिलाड़ियों से सजी दक्षिण अफ्रीका की वारियर्स टीम ने 28 रन से पराजित किया था जबकि सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स टीम को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के तीसरे संस्करण की विजेता चेन्नई सुपर किंग्स टीम ने 57 रनों के विशाल अंतर से हराया था।
ग्रुप-ए में विक्टोरिया और सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स के अलावा श्रीलंका की वायंबा इलेवन टीम ने अब तक खाता नहीं खोला है। इसके अलावा वॉरियर्स और सुपर किंग्स टीमें अपने-अपने मैच जीत चुकी हैं।
वर्ष 2009 में भारत में आयोजित चैम्पियंस लीग का पहला संस्करण खासा लोकप्रिय रहा था। पहले संस्करण में कुल 12 टीमों ने हिस्सा लिया था लेकिन इस बार कुल 10 टीमों के बीच श्रेष्ठता की जंग हो रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications