कोलंबो टेस्ट : सहवाग शतक से चूके
खेल के दूसरे दिन भारतीय टीम ने बिना कोई विकेट गवांए 95 रन बनाए थे। तीसरे दिन सहवाग ने मुरली विजय के साथ मिलकर पारी को तेजी से आगे बढ़ाया परंतु वह अपने टेस्ट करियर का 21वां शतक जड़ने से महज एक रन से चूक गए। वह सूरज रंडिव की गेंद पर पेवेलियन लौटे। विजय 58 और द्रविड़ दो रन बनाकर नाबाद हैं।
इससे पहले श्रीलंका क्रिकेट टीम ने सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर भारत के खिलाफ जारी दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन मंगलवार को कप्तान कुमार संगकारा के दोहरे शतक और उपकप्तान माहेला जयवर्धने की शतकीय पारी की बदौलत चार विकेट पर 642 रन बनाकर अपनी पहली पारी घोषित कर दी थी।
खेल के पहले दिन मैच आरंभ होने से ठीक पहले भारतीय टीम को दो बड़े झटके लगे थे। सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर और मध्यक्रम के बल्लेबाज युवराज सिंह को अनफिट होने की वजह से अंतिम एकादश से बाहर होना पड़ा। गंभीर के घुटने में चोट है और ऐसे में टीम प्रबंधन ने उन्हें आराम देने का फैसला किया। दूसरी ओर, गॉल टेस्ट की पहली पारी में अर्धशतक जड़ने वाले युवराज बीमार होने की वजह से नहीं खेल रहे हैं।
इन दोनों के स्थान पर टीम में मुरली विजय और सुरेश रैना को शामिल किया गया है। रैना का यह पहला टेस्ट मैच है। मुरली दिग्गज सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के साथ पारी की शुरुआत करेंगे। भारतीय टीम पहले ही खिलाड़ियों की खराब फिटनेस और औसत दर्जे के प्रदर्शन से मुश्किल में है। तेज गेंदबाज जहीर खान और शांताकुमारन श्रीसंत चोटिल होने की वजह से पहले ही इस दौरे से बाहर चल रहे हैं।
गॉल टेस्ट में 10 विकेट से हार झेल चुकी भारतीय टीम के लिए दूसरा टेस्ट बेहद महत्वपूर्ण है। अगर तीन मैचों की इस श्रृंखला में भारतीय टीम की हार होती है तो उससे सर्वोच्च वरीयता प्राप्त टेस्ट टीम का ताज छिन जाएगा। तीन मैचों की श्रृंखला में मेजबान टीम 1-0 की बढ़त बनाए हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications