जोहांसबर्ग। कार्लोस तेवेज के धमाकेदार प्रदर्शन के चलते नॉकआउट मुकाबले में अर्जेंटीना ने मेक्सिको को 3-1 से रौंद कर बाहर का रास्ता दिखा दिया और खुद क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली।
अर्जेटीना की ओर से कार्लोस तेवेज ने दो शानदार गोल किए। इसके अलावा शानदार लय को जारी रखते हुए गोंजालो हिगुएन ने एक गोल किया। अब अर्जेटीना की टीम शनिवार को क्वोर्टर फाइनल मुकाबले में जर्मनी से भिड़ेगी। जर्मन टीम ने इंग्लैंड को 4-1 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई है।
क्लिक करें- फीफा 2010 का स्पेशल पेज
स्थानीय सॉकर सिटी स्टेडियम में खेले गए फीफा विश्व कप के नॉकआउट मुकाबले में मेक्सिको के खिलाफ दो गोल करने वाले अर्जेटीना के स्ट्राइकर कार्लोस तेवेज को मैन ऑफ द मैच चुना गया। 84,000 से अधिक दर्शकों को तेवेज ने अपने खेल से मंत्रमुग्ध कर दिया।
मैच के 26वें मिनट में मेस्सी द्वारा दिए गए पास को तेवेज ने गोल में परिवर्तित कर दिया। इसके बाद 33वें मिनट में हिगुएन ने गोल कर अर्जेंटीना को 2-0 की बढ़त दिलायी। मैच के 52वें मिनट में तेवेज ने एक और गोल कर टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया। मैक्सिको की ओर से सिर्फ एक गोल हुआ वो भी 71वें मिनट में जेवियर हर्नान्डेज़ ने किया।