Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block

आस्ट्रेलियन ओपन : तीसरी बार युगल चैंपियन बने ब्रायन बंधु (लीड-3)

शनिवार को खेले गए खिताबी मुकाबले में ब्रायन बंधुओं ने भूपति-नोल्स को तीन सेट तक चले मुकाबले में 2-6, 7-5, 6-0 से पराजित किया।

ब्रायन बंधुओं ने अपने करियर का सातवां ग्रैंड स्लैम खिताब जीता। आस्ट्रेलियन ओपन में यह उनकी तीसरी जीत है।

उधर, जूनियर वर्ग में भारत को खिताबी सफलता मिली। भारत के युकी भांबरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एकल खिताब जीता।

शनिवार को ही खेले गए खिताबी मुकाबले में दिल्ली के निवासी युकी ने जर्मनी के अलेक्जेंड्रॉस- फर्डिनांडॉस जॉर्गोडॉस को सीधे सेटों में 6-3, 6-1 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।

ग्रैंड स्लैम मुकाबलों में एकल वर्ग में जूनियर खिताब पर कब्जा जमाने वाले वह चौथे भारतीय बन गए हैं। इससे पहले रामनाथन कृष्णन, उनके बेटे रमेश कृष्णन और लिएंडर पेस ने ग्रैंड स्लैम खिताब जीता है।

मैच की शुरुआत में ही भांबरी ने जॉर्गोडॉस पर दबदबा बनाए रखा और पहला सेट 6-3 से अपने नाम कर लिया। दूसरे सेट में भांबरी ने अपने प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी को 6-1 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।

रामनाथन ग्रैंड स्लैम का जूनियर खिताब जीतने वाले पहले भारतीय थे। उन्होंने वर्ष 1954 में विंबलडन में जूनियर खिताब अपने नाम किया था। वर्ष 1979 में उनके पुत्र रमेश ने फ्रेंच ओपन और विंबलडन के जूनियर खिताब पर कब्जा जमाया था।

भारत के लिएंडर पेस ने वर्ष 1990 में विंबलडन और 1991 में यूएस ओपन का जूनियर खिताब अपने नाम किया था।

16 साल के युकी ने 57 मिनट में इतिहास रच दिया। युकी ने अपने शानदार फोरहैंड और वॉली की मदद से जॉर्गोडॉस की चुनौती को ध्वस्त करके विश्व टेनिस में अपनी पहचान कायम की।

इस जीत के साथ युकी जूनियर खिताब जीत चुके एंडी रोडिक, मार्कोस बघदातिस और गेल मोनफील्स जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की जमात में शामिल हो गए हैं।

एक साल के अंदर युकी ने अपने खेल में जबरदस्त सुधार किया और चैंपियन बनकर उभरे। 2008 में वह सेमीफाइनल में आस्ट्रेलिया के बर्नाड टोमिक के हाथों हार गए थे।

4 जुलाई, 1992 को दिल्ली में जन्मे युकी के शानदार फार्म और जबरदस्त आत्मविश्वास का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक दिन पहले तक वह अपने प्रतिद्वंद्वी को ठीक से जानते भी नहीं थे।

मैच के बाद युकी ने कहा, "मैंने जॉर्गोडॉस को कभी देखा नहीं था। मैंने उनके बारे में सुना भी नहीं था। मैंने उन्हें पहली बार सेमीफाइनल मुकाबले में खेलते देखा। उसी वक्त मैंने उनके बारे में थोड़ा बहुत जाना।"

युकी ने कहा कि वह इस खिताब को अर्से से हासिल करना चाहते थे। उन्होंने कहा, "आस्ट्रेलियन ओपन जीतना काफी मायने रखता है। यह खिताब जीतने वाला मैं पहला भारतीय नहीं, लेकिन इसके बावजूद यह खिताब मेरे लिए बहुत खास है। मैंने इस खिताब को जीतने का सपना देखा था। मैं खुश हूं कि आज मेरा सपना सच हो गया।"

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 12:21 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+