आईपीएल : मुंबई के 100 रन पूरे लेकिन 5 बल्लेबाज पेवेलियन लौटे (लीड-3)
मुंबई का पांचवां विकेट अभिषेक नायर के रूप में गिरा। नायर ने चार रन बनाए। उन्हें आविष्कार साल्वी ने पगबाधा आउट किया। तेंदुलकर के रूप में मुंबई की टीम को चौथा झटका लगा था। तेंदुलकर 41 गेंदों पर आठ चौकों की मदद से 46 रन बनाकर रजत भाटिया की गेंद पर बोल्ड हुए। उन्होंने अंजिक्य रेहाने (नाबाद 27) के साथ चौथे विकेट के लिए 73 रन जोड़े।
अपने तीन शुरुआती विकेट मात्र 28 रन के कुल योग पर गंवाने वाली मुंबई की टीम ने खबर लिखे जाने तक 15 ओवर में पांच विकेट खोकर 109 रन बना लिए थे। रेहाने ने अपनी 26 गेंदों की पारी में तीन चौके लगाए थे जबकि पीनल शाह ने एक रन बनाया था।
मुंबई की टीम को दो शुरुआती झटके दिल्ली के तेज गेंदबाज डिर्क नैन्स ने और एक झटका प्रदीप सांगवान ने दिया। सलामी बल्लेबाज सनत जयसूर्या जहां खाता भी नहीं खोल सके वहीं जीन पॉल डुमिनी नौ रन बनाकर विकेट के पीछे दिनेश कार्तिक के हाथों लपके गए।
आईपीएल में अपना पहला मैच खेल रहे मोहम्मद अशरफुल को सांगवान ने कार्तिक के हाथों कैच कराया। अशरफुल ने 10 गेंदों का सामना करते हुए दो रन बनाए।
दोनों टीमों का यह 14वां मैच है। दिल्ली की टीम 18 अंकों के साथ सेमीफाइनल में जगह बना चुकी है जबकि मुंबई की टीम 11 अंकों के साथ इस दौड़ से बाहर हो चुकी है।
नतीजे के लिहाज से यह मैच किसी भी टीम के लिए फायदेमंद साबित नहीं होगा। दिल्ली की टीम जहां जीत की लय बनाए रखने के लिए मैदान में उतरी है वहीं मुंबई के लिए अपनी प्रतिष्ठा बनाए रखने के लिए यह मैच जीतना जरूरी होगा।
दिल्ली की टीम ने 13 मैचों में नौ मैच जीते हैं जबकि चार में उसकी हार हुई है। दूसरी ओर, मुंबई की टीम ने अब तक खेले गए 13 मैचों में से पांच जीते हैं जबकि सात में उसकी हार हुई है। उसका एक मैच बेनतीजा भी रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications