मैच फिक्सिंग विवाद : आरोपी तीनों खिलाड़ी इंग्लैंड दौरे से बाहर
टांटन, 2 सितम्बर (आईएएनएस)। मैच फिक्सिंग विवाद के तीनों आरोपियों पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के कप्तान सलमान बट्ट, तेज गेंदबाज मोहम्मद आमेर और मोहम्मद आसिफ को शेष बचे इंग्लैंड दौरे से बाहर कर दिया गया है।
पाकिस्तानी टीम के मैनेजर यावर सईद ने कहा, "ट़्वेंटी-20 के लिए जो खिलाड़ी यहां मौजूद हैं उन्हीं में से टीम बनाई जाएगी। दोनों ट्वेंटी-20 मैच खेलने के बाद एकदिवसीय मैचों में तीनों के स्थानापन्न खिलाड़ियों की मांग की जाएगी।"
यावर ने यह भी स्पष्ट किया कि इन खिलाड़ियों को निलंबित नहीं किया गया है। "नहीं, उन्हें निलंबित नहीं किया गया है।"
उन्होंने कहा, "टीम में अभी 13 खिलाड़ी हैं। पांच एकदिवसीय मैचों के लिए हमें तीन और खिलाड़ियों की जरूरत है तभी 16 सदस्यीय टीम पूरी होगी।"
यावर ने यह खुलासा नहीं किया कि तीनों के स्थान पर किन खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा, "यह चयनकर्ता तय करेंगे। हम उन्हें बताएंगे कि हमें कौन सा खिलाड़ी चाहिए और वे इस पर फैसला लेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications