मोहाली टेस्ट: चाय काल तक भारत ने बनाए 280 रन (लीड-3)
तीसरे दिन के पहले सत्र में ही भारतीय टीम को ईशांत शर्मा के रूप में पहला झटका लगा। इसके बाद शानदार लय में चल रहे राहुल द्रविड़ भी पेवेलियन लौट गए। दूसरे दिन के स्कोर दो विकेट पर 110 रन से आगे खेलते हुए दिग्गज बल्लेबाज राहुल द्रविड़ ने नाइटवाचमैन की भूमिका में मैदान पर आए ईशांत शर्मा के साथ मिलकर पारी को बड़े ही खूबसूरत अंदाज में आगे बढ़ाया। इस दौरान ईशांत ने उनका बखूबी साथ निभाया लेकिन यह साझेदारी ज्यादा देर तक नहीं चल सकी। ईशांत डॉग बोलिंगर की एक गेंद को पढ़ने में चूक गए और क्लीन बोल्ड हो गए। ईशांत ने 18 रन बनाए।
ईशांत के पेवेलियन लौटने के बाद द्रविड़ और तेंदुलकर ने पारी को आगे बढ़ाया। दोनों दिग्गज बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 79 रन जोड़े। इस दौरान द्रविड़ ने अपना अर्धशतक भी पूरा किया। द्रविड़ 77 के निजी स्कोर पर बोलिंगर का शिकार बन गए। इसके बाद सचिन ने अपने टेस्ट करियर का 57वां अर्धशतक लगाया। सचिन और सुरेश रैना पांचवे विकेट के लिए चायकाल तक 54 रनों की साझेदारी कर चुके थे। तेंदुलकर के साथ रैना 26 रन बनाकर नाबाद थे।
आस्ट्रेलिया की पहली पारी के 428 रनों के जवाब में दूसरे दिन वीरेंद्र सहवाग ने भारत को पहली पारी में तेज शुरुआत दी थी। उन्होंने दूसरे दिन 54 गेंदों में 59 रनों की तेज पारी खेली। वह मिशेल जानसन की गेंद पर माइकल क्लार्क के हाथों लपके गए। गौतम गंभीर भी 25 रन बनाकर जानसन का शिकार बने।
आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम ने अपनी पहली पारी में 428 रन बनाए। मेहमान टीम की ओर से शेन वाटसन ने सर्वाधिक 126 और टिम पैन ने 92 रन बनाए। इन दोनों बल्लेबाजों के अलावा कप्तान रिकी पोंटिंग ने 71 रनों का योगदान दिया। मिशेल जानसन ने भी 47 रन बनाए।
भारत की ओर से जहीर खान सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 30 ओवरों में सात मेडन फेंकते हुए 94 रन खर्च किए और पांच विकेट चटकाए। जहीर के टेस्ट करियर में 10वां मौका था जब उन्होंने एक पारी में पांच या इससे अधिक विकेट लिए। उनके अलावा इस मैच में हरभजन सिंह ने भी 114 रन देकर तीन विकेट लिए। एक विकेट ओझा के नाम रहा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications