फीफा विश्व कप : बलाक ने साथियों का हौसला बढ़ाया
इटली के तटीय शहर सिसली में जारी अभ्यास शिविर के अंतिम दिन बलाक ने टीम से विदा लेते हुए अपने साथियों को शुभकामनाएं दीं और उनसे कहा कि उन्हें अपने कप्तान की चोट को भुलाकर आगे देखना है और विश्व कप जीतकर लौटना है।
बलाक ने कहा, "मेरी चोट के बारे में भूल जाइए और खेल पर ध्यान लगाइए। मुझे भरोसा है कि जीत हमारी ही होगी। मैं जानता हूं कि आप सबमें काबिलियत है और आप दक्षिण अफ्रीका में इसे साबित करेंगे। मेरी शुभकामनाएं आपके साथ हैं।"
चेल्सी के लिए क्लब फुटबाल खेलने वाले बलाक को बीते शनिवार को पोर्टसमाउथ के साथ खेले गए एफए कप फाइनल मुकाबले के दौरान चोट लगी थी। दो दिनों बाद बलाक के पैर की चोट का स्कैन किया गया, जिसे जर्मन फुटबाल संघ के चिकित्सकों ने देखा। इसके बाद 33 वर्षीय बलाक को विश्व कप से दूर रहने की सलाह दी गई।
बलाक ने जर्मनी के लिए 98 अंतर्राष्ट्रीय मैच खेले हैं। वह आखिरी बार विश्व कप में खेलने की तैयारी में थे लेकिन चोट ने उन्हें चौथी मर्तबा विश्व कप में हिस्सा लेकर 100 मैचों का आंकड़ा छूने से महरूम कर दिया।
बलाक ने उन खबरों को निराधार बताया है जिनमें कहा जा रहा है कि एक क्रांतिकारी चिकित्सा पद्यति की मदद से वह समय रहते विश्व कप में खेलने के काबिल हो जाएंगे। जर्मनी की मीडिया ने खबर दी थी कि बलाक इन दिनों ऐसी चिकित्सा पद्यति से इलाज करा रहे हैं, जो उन्हें 15 दिनों में टखने की चोट से निजात दिला देगी।
बलाक ने कहा, "काश ऐसा हो पाता..। जर्मनी मीडिया की खबरों में सच्चाई नहीं है। फुटबाल संघ के चिकित्सकों ने साफ शब्दों में कहा है कि मुझे पूरी तरह ठीक होने में कम से कम सात सप्ताह लगेंगे और तब तक विश्व कप समाप्त हो चुका होगा। मेरी चोट का कोई शार्टकट इलाज नहीं। इसे लेकर मैं निराश भी हूं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications