पेरिस, 5 जून (आईएएनएस)। साल के दूसरे ग्रैंड स्लैम फ्रेंच ओपन के पुरुषों के एकल वर्ग की खिताबी भिड़ंत में स्पेन के स्टार टेनिस खिलाड़ी राफेल नडाल ने स्वीडन के रॉबिन सोडरलिंग को 6-4, 6-2, 6-4 से पराजित कर दिया।
नडाल ने इससे पहले 2005 से लेकर 2008 तक लगातार चार बार फ्रेंच ओपन जीता था।
इससे पहले नडाल ने शुक्रवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में आस्ट्रिया के जुर्गेन मेल्जर को सीधे सेटो में 6-2, 6-3, 7-6 (8-7) से मात दे दी थी। पूरे मैच में नडाल अपने प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी पर हावी रहे।
उधर, दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में सोडरलिंग ने चेक गणराज्य के टॉमस बेरडिक को मात देकर फाइनल में जगह बनाई। सोडरलिंग ने बेरडिक को एक रोचक मुकाबले में 6-3, 3-6, 5-7, 6-3, 6-3 से मात दी।
पिछले साल भी सोडरलिंग ने फ्रेंच ओपन के फाइनल में जगह बनाई थी लेकिन उन्हें स्विट्जरलैंड के स्टार खिलाड़ी रोजर फेडरर ने पराजित कर दिया था।
'राफा' के नाम से पुकारे जाने वाले नडाल के लिए यह मुकाबला बेहद खास था। यहां जीत दर्ज करने के बाद एक बार फिर वह सर्वोच्च वरीयता वाले टेनिस खिलाड़ी बन सकते हैं। फिलहाल फेडरर विश्व के शीर्ष पुरुष टेनिस खिलाड़ी हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।