इंडियन ओपन : भारतीयों के पास घर में प्रतिभा दिखाने का वक्त
चेन्नई, 7 जून (आईएएनएस)। देश में बैडमिंटन की सबसे प्रतिष्ठित पेशेवर प्रतियोगिता योनेक्स-सनराइज इंडियन ओपन ग्रां पी मंगलवार से शुरू हो रहा है। इस चैम्पियनशिप के दौरान सायना नेहवाल सहित तमाम भारतीय खिलाड़ियों को घरेलू दर्शकों के सामने अपनी प्रतिभा दिखाने का शानदार मौका मिलेगा।
120,000 डॉलर इनामी इंडियन ओपन की शुरुआत महिला एकल के लिए होने वाले क्वालीफाईंग दौर के मुकाबलों से होगी। इस दौरान भारतीय प्रशंसकों को सायना से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
विश्व वरीयता क्रम में छठा क्रम हासिल कर चुकीं सायना ने घरेलू कोर्ट पर अब तक किसी भी अंतर्राष्ट्रीय आयोजन में अपनी प्रतिभा के साथ न्याय नहीं किया है। सायना ने पिछले वर्ष विश्व चैम्पियनशिप में अच्छा प्रदर्शन करके इस बार इस प्रतियोगिता के लिहाज से प्रशंसकों की उम्मीद बढ़ा दी है।
सायना ने पिछले वर्ष दिसंबर में लखनऊ में सैयद मोदी इंडिन ग्रां पी जीता था लेकिन खिताबी मुकाबले में उनका सामना किसी दिग्गज से नहीं बल्कि भारत की ही अदिति मुतातकर से हुआ था, जिन्हें इंडियन ओपन के लिए तीसरी वरीयता दी गई है।
महिलाओं में जहां भारत की उम्मीदें सायना पर हैं वहीं पुरुषों के एकल वर्ग में चेतन आनंद भारतीय अपेक्षाओं का भार ढोएंगे। ऐसी उम्मीद जताई जा रही है कि आनंद इस खिताब को जीतकर प्रकाश पादुकोण की बराबरी करेंगे।
प्रकाश ने 1981 में इस प्रतियोगिता के पहले संस्करण का खिताब जीता था। तब इसका नाम इंडियन मास्टर्स था और पहली बार इसका आयोजन पुणे में हुआ था। उस समय प्रकाश अपने करियर के सबसे अच्छे दौर से गुजर रहे थे।
भारतीय खिलाड़ियों के अलावा इंडियन ओपन में मलेशिया के एफ. मोहम्मद, 2003 में ऑल इंग्लैंड खिताब जीतने वाले मोहम्मद हफीज हाशिम और जार्केल अब्दुल लतीफ मोहम्मद, सिंगापुर की ली याओ और शिंटा मुल्ला जैसी प्रमुख खिलाड़ी हिस्सा लेंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications