मोदी ने अमीन से बोली में शामिल होने को कहा था : मनोहर
मोदी ने बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष शरद पवार का बचाव करते हुए कहा था कि पुणे बोली में उनका कोई प्रत्यक्ष या परोक्ष हाथ नहीं था। मोदी ने अमीन पर उस कंसोर्टियम का हिस्सा होने का आरोप लगाया था जिसने बोली जीतने की नाकाम कोशिश की थी।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मनोहर ने कहा कि मोदी बोर्ड और उसके सदस्यों की छवि धूमिल करने की चेष्टा कर रहे हैं।
मनोहर ने कहा कि मोदी ने महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय शिरके के माध्यम से पुणे की कंपनी सिटी कार्पोरेशन को अमीन से संपर्क करने और बोली लगाने के लिए कंसोर्टियम का हिस्सा बनने को कहा था।
मनोहर ने कहा, "जब पुणे के फ्रेंचाइजी ने अमीन से संपर्क कर उनसे कंसोर्टियम से जुड़ने का अनुरोध किया, तो उन्होंने कहा कि वह 10 फीसदी तक के निवेश के माध्यम से उनके साथ शामिल हो सकते हैं। उसके बाद अमीन ने मुझे एक पत्र सौंपा था जिसमें इस बात की जानकारी दी गई थी कि उन्हें पुणे फ्रेंचाइजी के लिए संपर्क किया गया है। इस पत्र की प्रति मानद सचिव को भी भेजी गई थी।"
मनोहर ने कहा, "इस पत्र में उन्होंने स्पष्ट तौर पर लिखा था कि सिटी कार्पोरेशन के बोली जीतने पर वह उस कंसोर्टियम में निवेश करने के लिए बोर्ड से औपचारिक इजाजत मांगेंगे। पत्र में स्पष्ट किया गया था कि इस प्रस्ताव के साथ पूर्व शर्त है कि अमीन बोली के कामयाब रहने पर औपचारिक इजाजत मांगेंगे।"
अमीन ने इस पत्र पर 17 मार्च की तारीख डाली है। इसमें अमीन ने कहा है, "कृपया ध्यान रखिए कि अगर वे कामयाब रहे, तो मैं इस उद्यम में निवेश करने से पहले बीसीसीआई की औपचारिक अनुमति के लिए आपसे संपर्क करूंगा।"
मनोहर ने कहा कि बोर्ड और गवर्निग काउंसिल को उस कंसोर्टियम के बोली जीतने की सूरत में ही अमीन के अनुरोध पर विचार करने की जरूरत थी।
मनोहर के अनुसार, "सबसे पहली बात तो यह है कि अमीन का पत्र बोली के लिए इजाजत मांगने के वास्ते नहीं था। यह स्पष्ट है कि मोदी का यह दावा कि अमीन बोलीकर्ता थे, गुमराह करने वाला है तथा बोर्ड और उसके सदस्यों की छवि को धूमिल करने वाला है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications