Belgium vs Japan Preview: बेल्जियम के खिलाफ उलटफेर के इरादे से उतरेगी जापान, लुकाकू पर निगाहें
मॉस्को। फीफा वर्ल्ड कप 2018 में सोमवार को प्री क्वार्टर फाइनल के छठे मुकाबले में बेल्जियम की जापान से भिड़ंत होगी। ग्रुप स्टेज में अपने सभी मुकाबले जीतकर दूसरे दौर में पहुंची बेल्जियम का जापान के खिलाफ पलड़ा भारी है। हालांकि एशियाई देश जापान का सोमवार को जब बेल्जियम की मजबूत टीम से अंतिम-16 का मुकाबला होगा तो उसका एक ही लक्ष्य होगा कि उलटफेर कर पहली बार फीफा विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंचा जाए।
वहीं बेल्जियम का लक्ष्य रोस्तोव एरीना में जीत के साथ तीसरी बार क्वार्टर फाइनल का सफर तय करना होगा। अपने ग्रुप स्तर के मैचों में पनामा, ट्यूनीशिया और इंग्लैंड जैसी टीमों को हराने वाली बेल्जियम का डिफेंस शानदार है। उसने केवल ट्यूनीशिया के खिलाफ खेले गए मैच में दो गोल खाए, लेकिन इस मैच में उसने पांच गोल दागे भी हैं।
हालांकि भाग्य और साफ सुथरे खेल के सहारे अंतिम-16 में पहुंचे जापान को ग्रुप जी की शीर्ष टीम बेल्जियम के खिलाफ कुछ करिश्मा करना होगा तभी उसका पहली बार क्वार्टर फाइनल में जाने का सपना पूरा हो पाएगा। जापानी टीम इससे पहले 2002 और 2010 में प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने में सफल रही थी, लेकिन दोनों ही मौकों पर हार गई थी। जापान ने फीफा वर्ल्ड कप 2018 में अपने ग्रुप स्तर में कोलंबिया को हराया।
सेनेगल को ड्रॉ पर रोका और पोलैंड से उसे 1-0 से हार मिली है। जापान के लिए इस अहम मैच में मिडफील्डर गेंकी हरागुची, शिंजी कगावा और ताकाशी इनुई को अधिक मेहनत कर बेल्जियम का डिफेंस भेदना होगा।
बेल्जियम के पास रोमेलू लुकाकू जैसे दमदार स्ट्राइकर हैं जो किसी भी समय मैच का नतीजा बदल सकते हैं। हालांकि टखने में चोट के कारण पिछले मैच में नहीं खेला मैनचेस्टर यूनाईटेड का यह स्टार जापान का सामना करने को तैयार है। मार्टिनेज के सभी खिलाड़ी फिट हैं और वह उम्मीद कर रहे होंगे कि बेल्जियम अपने अब तक के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन में सुधार कर पाएगा।
शानदार फॉर्म में चल रहे लुकाकू इस विश्व कप में चार गोल दाग चुके हैं। रूस में अब तक नौ गोल दाग चुकी बेल्जियम की टीम मौजूदा विश्व कप में सर्वाधिक गोल करने वाली टीम है। 2002 के विश्व कप में जापान और बेल्जियम की इस टूर्नामेंट में आखिरी बार भिड़ंत हुई थी और यह मैच 2-2 ड्रॉ रहा था।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
