India vs England 3rd T20I Preview: करो या मरो में सीरीज जीतने उतरेंगी दोनों टीमें
ब्रिस्टॉल। भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा व निर्णायक मैच रविवार को शाम 6 बजकर 30 मिनट से खेला जाएगा। पहला मैच भारत ने 8 विकेट से जीता था। वहीं दूसरा मैच इंग्लैंड ने 5 विकेट से जीतकर सीरीज 1-1 से बराबर कर ली। अब दोनों टीमें तीसरे मैच में सीरीज अपने-अपने नाम करने के इरादे से उतरेंगी। इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज का पहला मैच जीतने के बाद भारतीय टीम आत्मविश्वास से भरी हुई थी लेकिन दूसरे मैच में उसकी बल्लेबाजी कोई खास नहीं रही।
पिछले मैच में अप्रभावी रहने वाले भारत के रिस्ट स्पिनर कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल इंग्लैंड के 'अच्छी तरह से तैयार' बल्लेबाजों के खिलाफ वापसी करना चाहेंगे। भारतीय स्पिन जोड़ी को एक साल के बाद पहली असली चुनौती का सामना करना होगा क्योंकि इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने मैनचेस्टर में मिली हार के बाद तुंरत वापसी करते हुए उनकी गेंदों का अच्छी तरह सामना किया।
पहले मैच में एकतरफा हार झेलने वाली इंग्लैंड की टीम ने दूसरे मैच में खेल के हर क्षेत्र में सुधार किया। पहले मैच में कुलदीप यादव ने इंग्लैंड के बल्लेबाजों को काफी परेशान किया था, लेकिन दूसरे मैच में पूरी टीम कुलदीप और उनके जोड़ीदार युजवेंद्र चहल के खिलाफ तैयारी से उतरी थी।
पहला मैच आसानी से हारने के बाद इंग्लैंड ने दूसरा मैच जीतकर सीरीज में बराबरी की। 149 रनों के टारगेट को हासिल करने में भी इंग्लैंड को पसीना आ गया था। एलेक्स हेल्स ने मैच विजयी पारी खेली थी। हालांकि तीसरे मैच में बेन स्टोक्स चयन के लिए उपलब्ध है, लेकिन इंग्लिश प्रबंधन उन्हें शायद ही मैदान में उतारे। वैसे यदि उन्हें मौका दिया गया तो जो रूट को बाहर बैठना पड़ सकता है।
कप्तान विराट कोहली और महेंद्र सिंह धोनी ने टीम को संभाला था और सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया था। तीसरे मैच में भारतीय ऊपरी क्रम को अपनी फॉर्म में लौटना होगा। वहीं कोहली और धोनी तथा हार्दिक पांड्या को अपने फॉर्म को बरकरार रखना होगा। गेंदबाजी में टीम ने दोनों मैचों में अच्छा किया है। दूसरे मैच में कम स्कोर होने के बाद भी भारतीय गेंदबाजों ने मैच में रोमांच ला दिया था और अंत तक मैच को खींचा था। हालांकि अब आखिरी मैच में भी इसी तरह के रोमांच की उम्मीद होगी।
इंग्लैंड और भारत के बीच फाइनल मैच भारतीय समयानुसार शाम 6:30 बजे से शुरू होगा। टॉस शाम 6 बजे होगा।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
