इस टूर्नामेंट के लिए पटना का मोइनुल हक स्टेडियम को तैयार किया जा रहा है। एबीसी के मीडिया प्रभारी संजीव कुमार मिश्र ने गुरुवार को बताया कि विकेट बनाने का काम बीसीसीआई के अधिकृत पिच क्यूरेटर प्रेमचंद शर्मा के नेतृत्व में चल रहा है।
मिश्र ने बताया कि इस प्रतियोगिता में कुल छह टीमें भाग लेंगी, जिनमें फ्रंटलाइन एकादश में भारतीय क्रिकेट टीम के विस्फोटक बल्लेबाज वीरेन्द्र सहवाग, गौतम गंभीर, सुरेश रैना, मोहम्मद कैफ, रुद्रप्रताप सिंह, एस. श्रीसंत, अजय जडेजा और विनोद कांबली के अलावा भारतीय टीम में खेल चुके अन्य खिलाड़ी शामिल होंगे।
दूसरी टीम इंडिया टोबैको कंपनी (आईटीसी) की होगी जिसमें दिलीप ट्रॉफी तथा रणजी ट्राफी में खेलने वाले खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। मिश्र के अनुसार इन दोनों टीमों के अलावा चार टीमें चारों क्षेत्रों-पूर्वी, पश्चिमी, उत्तर एवं दक्षिण का प्रतिनिधित्व करेंगी। इनमें इन क्षेत्रों के उभरते हुए खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
मिश्र के मुताबिक प्रतियोगिता में विजेता टीम को दो लाख रुपये तथा उपविजेता टीम को एक लाख रुपया का पुरस्कार दिया जाएगा।
एबीसी के महासचिव मिथिलेश तिवारी ने आईएएनएस को बताया कि अब तक इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 17 स्टार क्रिकेटरों के अलावा कई रणजी और दिलीप ट्राफी खिलाड़ियों ने पुष्टि कर दी है। तिवारी ने बताया कि अभी तक टीमों की घोषणा नहीं की गई है, हालांकि टिकटों की बिक्री प्रारंभ कर दी गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।