आईपीएल : डेयर डेविल्स की जीत में सहवाग चमके (लीड-6)
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब की टीम ने 12 ओवर तक सीमित गए गए मैच में सात विकेट पर 104 रन बनाए। पंजाब के लिए करण गोयल ने 38 और रवि बोपारा ने 22 रन बनाए। जवाब में खेलने उतरी दिल्ली की टीम ने बारिश के बाद मिले छह ओवर में 54 रन के संशोधित लक्ष्य को 4.5 ओवर में बिना कोई विकेट खोए हासिल कर लिया।
सहवाग 16 गेंदों पर चार चौकों और तीन छक्कों की मदद से 38 रन बनाकर नाबाद लौटे जबकि उनके जोड़ीदार गौतम गंभीर ने अपनी 13 गेंदों की नाबाद पारी में दो चौकों की मदद से 15 रन बनाए। सहवाग की तूफानी पारी की बदौलत दिल्ली ने सात गेंद शेष रहते जीत हासिल कर ली।
पूरे मैच के दौरान बारिश के कारण तीन बार बाधा पड़ी। ऐसा लग रहा था कि कि इस मैच में दो नहीं बल्कि तीन टीमें खेल रही हों। एक टीम सहवाग की थी, दूसरी युवराज सिंह की और तीसरी इंद्र देवता की। मैच के दौरान इंद्र देवता की टीम सहवाग और युवराज की टीमों पर हावी रही क्योंकि 14 ओवर के दौरान तीन बार खेल रोक देना पड़ा।
पहली बार बारिश तब आई थी, जब मैच की तैयारी चल रही थी। दूसरी बार बारिश तब आई जब टॉस हुआ था और तीसरी बार बारिश तब आई जब 105 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की टीम ने जब 1.5 ओवरों में 24 रन बना लिए थे। उस समय सहवाग ने पांच गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 14 रन और गौतम गंभीर ने छह गेंदों पर दो चौकों की मदद से आठ रन बनाए थे।
खेल जब दोबारा शुरू हुआ तब दिल्ली की टीम को छह ओवरों में 54 रन बनाने का संशोधित लक्ष्य मिला। दिल्ली की टीम बारिश के कारण खेल रोके जाने तक 1.5 ओवर में 24 रन बनाए थे लिहाजा बारिश के बाद उसे जीत के लिए 25 गेंदों पर 30 रन बनाने थे। इस लक्ष्य को दिल्ली की टीम ने आगे के तीन ओवरों में हासिल कर लिया।
इससे पहले, पंजाब की टीम ने दिल्ली के सामने 12 ओवरों में 105 रन बनाने का लक्ष्य रखा। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी कर रही पंजाब की टीम ने निर्धारित 12 ओवरों की समाप्ति के बाद सात विकेट पर 104 रन बनाए। पंजाब की टीम ने शानदार शुरुआत करते हुए पहले छह ओवरो में 67 रन जोड़ लिए थे लेकिन इसके बाद उसके बल्लेबाज तेजी से रन चुराने के प्रयास में जल्दी-जल्दी अपना विकेट गंवाते चले गए।
पंजाब की ओर से करण गोयल ने सबसे अधिक 38 रन बनाए जबकि रवि बोपारा ने 22 रनों का योगदान दिया। गोयल ने अपनी 21 गेंदों की पारी में तीन चौके और तीन छक्के लगाए जबकि बोपारा ने 16 गेंदों का सामना करते हुए दो छक्के लगाए। कप्तान युवराज सिंह से टीम को काफी उम्मीदें थीं लेकिन वह 11 गेंदों पर दो छक्कों की मदद से 16 रन बनाने के बाद डेनियल विटोरी द्वारा रन आउट कर दिए गए।
इसके अलावा कुमार संगकारा (8), माहेला जयवर्धने (6), इरफान पठान (6) और पीयूष चावला (0) ने निराश किया। दिल्ली की ओर से विटोरी ने 15 रन देकर सर्वाधिक तीन विकेट लिए जबकि आविष्कार साल्वी और यो महेश को एक-एक सफलता मिली। विटोरी को 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications