नई दिल्ली। भारतीय फुटबॉल टीम के कतान बाईचुंग भूटिया का टेलीविजन पर डांस शो में भाग लेने का सपना पूरा होने पर उन्होंने कहा है कि अब वो कोई डांस या रिएलिटी शो नहीं करेंगे, सिर्फ खेल में ध्यान लगायेंगे। भूटिया ने यह बात टेलीविजन शो 'झलक दिखला जा' का फाइनल जीतने के बाद मीडिया से बातचीत में कही।
रिएलिटी शो का खिताब जीतने के बाद भूटिया ने कहा कि जीत के बावजूद वह दोबारा स्टेज का रुख नहीं करेंगे। भूटिया ने कहा, "मैं नहीं समझता कि मैं दोबारा कभी स्टेज पर इस तरह डांस कर पाऊंगा। मैं खास समारोहों में जरूर नाचना पसंद करूंगा लेकिन टीवी पर दोबारा नाचते हुए दिखने का मेरा कोई इरादा नहीं।"
नेहरू कप की तैयारी
भूटिया ने कहा, "मैनें सिर्फ अनुभव हासिल करने के लिए 'झलक दिखला जा' में भाग लिया। अब मैं जीत चुका हूं। मुझे खुशी है कि यह कार्यक्रम अब खत्म हो चुका है। अब मैं खेल की ओर लौटना चाहता हूं।"
अगस्त में होने वाले नेहरू गोल्ड कप फुटबाल टूर्नामेंट के लिए भूटिया जल्द ही तैयारी शुरू कर देंगे। उन्होंने बताया कि नेहरू कप से पहले वो भारतीय खिलाड़ियों के साथ अभ्यास मैचों में हिस्सा लेने के लिए स्पेन या पुर्तगाल जाएंगे।