फीफा के महासमर में कुछ इस तरह होगी क्वार्टर फाइनल की जंग, इन खिलाड़ियों पर रहेगी नजर
नई दिल्ली। रूस में चल रहे फीफा विश्वकप के मुकाबले अब और रोमांचक मोड़ पर आ गए हैं। फुटबॉल के इस महामुकाबले में दुनिया भर से 32 टीमों ने हिस्सा लिया था, लेकिन हर मैच में अपने प्रदर्शन और क्षमता के आधार पर इनकी संख्या घटती गई और इस विश्वकप में रोमांच बढ़ता गया। 14 जून से शुरू हुए इस समर के सफर में अब केवल 8 देश ही शेष रह गए हैं। शुरुआती लीग मुकाबले में पहले 16 टीमों ने रूस को अलविदा कहा उसके बाद अंतिम 16 के रोमांच ने बाकी 8 टीमों को इस प्रतिस्पर्द्धा से अलग कर दिया। अब तक के हुए मुकाबलों के रोमांच पर अगर नजर डालें तो इस विश्वकप ने कई खास रिकॉर्ड और कई ऐसे कारनामे लोगों को दिखाए और बताए हैं जो शायद इस खेल की पहचान भी है। इस विश्वकप के शुरू होने से पहले जिस तरह की अटकलें लगाई जा रही थी उनपर मुकाबले कभी सटीक साबित हुए तो कभी उम्मीदों से परे आए नतीजों ने सभी को हैरान कर दिया। हालांकि खेल जगत में हैरान होना ही खेल की प्रासंगिकता और महत्ता को बढ़ाता भी है, और इसमें फुटबॉल की तो कोई शान ही नहीं है। बहरहाल अब क्वार्टर फाइनल में जिन टीमों के बीच मुकाबला खेला जाएगा उनपर डालते हैं एक नजर और जानते हैं कि आखिर अंतिम 8 में पहुंची इन टीमों में किस टीम का पलड़ा है भारी और कैसा होगा यह मुकाबला।..

उरुग्वे बनाम फ्रांस
क्वार्टर फाइनल का पहला मुकाबला 6 जुलाई को उरग्वे और फ्रांस के बीच शाम 07:30 बजे से खेला जाएगा। गौरतलब हो कि उरुग्वे की टीम शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टरफाइनल में पहुंची है। राउंड ऑफ 16 में उसने स्टार स्ट्राइकर क्रिस्टियानो रोनाल्डो की पुर्तगाल को मात दी थी। वहीं दूसरी टीम फ्रांस की अगर बात करें तो उसने दिग्गज लियोनेल मेसी की अर्जेंटी्ना को मात देकर इस मुकाम को हासिल किया है। ऐसे में फुटबॉल के दो दिग्गज खिलाड़ियों को शिकस्त देने वाली इन दो टीमों के बीच मुकाबला जोरदार होगा ।

ब्राजील बनाम बेल्जियम
इस सफऱ का दूसरा मुकाबला 6 जुलाई को ब्राजील बनाम बेल्जियम के बीच रात 11:30 बजे से खेला जाएगा। इन दोनो टीमों की अगर बात करें तो पांच बार की वर्ल्ड चैंपियन ब्राजील का सफर उसके स्टार नेमार के सहारे यहां पहुंचा है। दुनिया के सबसे महंगे फुटबॉलर नेमार पहले मैच में फ्लॉप रहने के बाद अपनी फॉर्म में वापस लौटे और टीम को यहां तक पहुंचाया है। वहीं अगर बेल्जियम की बात करें तो जापान के खिलाफ इस टीम का प्रदर्शन लाजवाब रहा था और 2-0 से पिछड़ने के बाद टीम ने 3-2 से मुकाबला अपने नाम किया था। ऐसे में इन दोनो टीमों के बीच भी कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है।

मेजबान रूस बनाम क्रोएशिया
इन दोनो टीमों के बीच मुकाबला 7 जुलाई को शाम 11.30 बजे खेला जाएगा। मेजबान टीम रूस ने इस वर्ल्ड कप में अपने प्रदर्शन से सभी को हैरान किया है। इस विश्वकप से पहले इस टीम के प्रदर्शन को देखकर नहीं लग रहा था कि यह टीम इस मुकाम तक पहुंचेगी। प्री क्वार्टरफाइनल में उसने स्पेन को पेनल्टी शूटआउट में मात दी थी। वहीं अगर दूसरी ओर क्रोएशिया की टीम भी लीग राउंड से ही उलटफेर करती हुई आई है। इस मुकाबले में देखना होगा कि आखिर कौन बाजी मारता है।

स्वीडन बनाम इंग्लैंड
इन दोनो टीमों के बीच मुकाबला 7 जुलाई को शाम 7.30 पर खेला जाएगा। इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन की अगर बात करें तो उनके प्रदर्शन से इंग्लैंड की टीम अच्छे फॉर्म है, 6 गोल के साथ वो गोल्डन बूट की रेस में सबसे आगे हैं। गौरतलब हो कि टूर्नामेंट में स्वीडन की शुरुआत हार के साथ हुई थी लेकिन इसके बाद उसने मेक्सिको पर बड़ी जीत के बाद स्विट्जरलैंड को मात दी।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
