आस्ट्रेलियाई समाचार पत्र 'डेली टेलीग्राफ' में प्रकाशित अपने लेख में स्मिथ ने लिखा है कि आस्ट्रेलिया पर मिली जीत ने दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट में एक नए युग का सूत्रपात किया है।
बकौल स्मिथ, "यह कहना बिल्कुल उचित होगा कि तीन साल पहले जब हम आस्ट्रेलिया दौरा करने के बाद स्वदेश लौटे थे, तभी से हमने इस दौरे की तैयारी शुरू कर दी थी। आस्ट्रेलिया को हराने का लक्ष्य हमेशा हमारे दिमाग में था। भारत और पाकिस्तान दौरे के दौरान भी हम इसी लक्ष्य के साथ खेले थे।"
उल्लेखनीय है कि दक्षिण अफ्रीकी टीम तीन मैचों की टेस्ट श्रंखला में 2-0 की अजेय बढ़ बना चुकी है। उसने पर्थ और मेलबर्न में खेला गया पहला और दूसरे टेस्ट मैच जीता था। तीसरा और अंतिम मैच शनिवार से सिडनी क्रिकेट मैदान पर खेला जाना है।
सिडनी टेस्ट के बारे में स्मिथ ने लिखा है कि उनकी टीम श्रंखला जीत चुकी है और अब उसका ध्यान नंबर-एक टेस्ट टीम बनने पर है। यह तभी हो सकता है जब वह आस्ट्रेलिया को 3-0 से पराजित करे और इसी उद्देश्य के साथ उनकी टीम शनिवार को मैदान में उतरेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।