डरबन के किंग्समीड मैदान पर होने वाले इस मुकाबले को जीतकर धौनी के धुरंधर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के तीसरे संस्करण में मिली जीत के बाद गैरआधिकारिक लीग में अपना विजय अभियान जारी रखना चाहेंगे। धौनी के धुरंधर पहली बार चैम्पियंस लीग में खेल रहे हैं।
चैम्पियंस लीग के पहले संस्करण में आईपीएल की तीन टीमों ने हिस्सा लिया था। विजेता डेक्कन चार्जर्स और उपविजेता बेंगलोर रॉयल चैलेंजर्स के अलावा तीसरे स्थान पर रही दिल्ली डेयरडेविल्स टीम इसमें शामिल हैं। दिल्ली और डेक्कन की टीमें इस बार चैम्पियंस लीग के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकीं।
धौनी की कप्तानी में सुपर किंग्स ने पहली बार आईपीएल खिताब जीता है। उस जीत की याद अभी भी ताजी है। इसी याद और अपने शानदार खेल के बूते धौनी की टीम डिस्ट्रिक्सट्स की टीम को पराजित करने के लिए मैदान में उतरेगी। वैसे कद और प्रतिष्ठा के लिहाज से धौनी की टीम का पलड़ा काफी भारी है।
धौनी की टीम में एस. बद्रीनाथ, मुरली विजय, सुरेश रैना, मुथैया मुरलीधरन, एल्बी मोर्कल, माइकल हसी, मैथ्यू हेडन, डगलस बोलिंगर और जोगिंदर शर्मा जैसे नामी-गिरामी खिलाड़ी हैं जबकि डिस्ट्रिक्ट्स की टीम में जैकब ओरम, जैमी हॉव, मैथ्यू सिन्क्लेयर, माइकल मैसन, पीटर इन्ग्राम और रॉस टेलर जैसे अंतर्राष्ट्रीय स्टार हैं। वैसे इन खिलाड़ियों के दम पर डिस्ट्रिक्सट्स की टीम धौनी के धुरंधरों को पानी पिला सकती है।
इससे पहले इन दो टीमों के बीच चैम्पियंस लीग या किसी अन्य स्तर पर कोई भिडं़त नहीं हुई है लेकिन जिस अंदाज में दोनों टीमें दक्षिण अफ्रीका पहुंची हैं, उसे देखते हुए किंग्समीड में चौकों और छक्कों की जोरदार बरसात देखने को मिल सकती है। साथ ही मुरलीधरन को खेलते देखना अच्छा अनुभव होगा। मुरली ने हाल ही में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया है।
चैम्पियंस लीग ने खुद को शोहरत की बुलंदियों को छू चुकी आईपीएल के बाद विश्व क्रिकेट की सबसे लोकप्रिय गैर आधिकारिक ट्वेंटी-20 प्रतियोगिता के तौर पर स्थापित किया है। वर्ष 2009 में भारत में आयोजित इसका पहला संस्करण खासा लोकप्रिय रहा था।
पिछले वर्ष आस्ट्रेलियाई टीम न्यू साउथ वेल्स ने वेस्टइंडीज की घरेलू चैम्पियन टीम त्रिनिदाद एवं टोबैगो को हराकर खिताब जीता था। पहले संस्करण में कुल 12 टीमों ने हिस्सा लिया था लेकिन इस बार इस कुल 10 टीमों के बीच श्रेष्ठता की जंग हो रही है।
चैम्पियंस लीग के दूसरे संस्करण में न्यूजीलैंड से सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स स्टैग्स, भारत से चेन्नई सुपर किंग्स, मुंबई इंडियंस और बेंगलोर रॉयल चैलेंजर्स, वेस्टइंडीज से गयाना, दक्षिण अफ्रीका से लायंस और वारियर्स, आस्ट्रेलिया से साउथ आस्ट्रेलिया और विक्टोरिया तथा श्रीलंका से वायंबा की टीमें हिस्सा ले रही हैं।
10 टीमों को पांच-पांच के दो ग्रुप में विभाजित किया गया है। ग्रुप-ए में चेन्नई सुपर किंग्स, वारियर्स, विक्टोरिया, सेंट्रल डिस्ट्रिक्टस और वायंबा को रखा गया है जबकि ग्रुप बी में मुंबई इंडियंस, लायंस, साउथ आस्ट्रेलिया, रॉयल चैलेंजर्स और गयाना की टीमें हैं। वर्ष 2009 की तरह इस बार भी चैम्पियंस लीग में 60 लाख डॉलर की पुरस्कार राशि रखी गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।