त्रिकोणीय श्रृंखला : भारत मुश्किल में, 4 विकेट गिरे (लीड-10)
भारतीय टीम ने 39 रन के कुल योग पर अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवाए थे। धुरंधर बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग 23 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 19 रन बनाने के बाद 39 रन के कुल योग पर केइल मिल्स की गेंद पर विकेट के पीछे हॉपकिंस के हाथों लपके गए।
इसी योग पर डरेन टफी ने दिनेश कार्तिक को भी चलता किया। कार्तिक पगबाधा आउट करार दिए गए। उन्हें आउट देने के अंपायर साइमन टॉफेल के फैसले को लेकर विवाद रहा। कार्तिक ने 20 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 14 रन बनाए।
इसके बाद टफी ने रोहित शर्मा को भी आउट कर दिया। रोहित का विकेट 44 रन के कुल योग पर गिरा। रोहित एक रन बना सके। भारतीय टीम ने जैसे-तैसे 50 रन पूरे किए लेकिन इसी योग पर उसे सुरेश रैना का विकेट गंवाना पड़ा। रैना ने छह रन बनाए। उनका विकेट भी टफी ने लिया।
भारतीय टीम ने 12 ओवरों की समाप्ति तक चार विकेट खोकर 52 रन बना लिए हैं। युवराज सिंह ने एक रन बनाया है जबकि कप्तान महेंद्र सिंह धौनी दो रन बनाकर खेल रहे हैं।
इससे पहले, टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड टीम ने कप्तान रॉस टेलर और हरफनमौला खिलाड़ी स्कॉट स्टायरिश के बीच चौथे विकेट के लिए हुई 190 रनों की बेशकीमती साझेदारी की बदौलत सभी विकेट गंवाकर 288 रन बनाए।
पारी के अंतिम क्षणों में बल्लेबाजों की नाकामी की वजह से कीवी टीम 48.5 ओवरों में पेवेलियन लौट गई। कप्तान टेलर हालांकि शतक से सिर्फ पांच रन के अंतर से चूक गए जबकि स्टायरिश अपना पांचवां शतक पूरा होने से 11 रन पहले पेवेलियन लौटे।
दोनों ने ऐसे समय में टीम को सहारा दिया जब 28 रन पर उसने अपने तीन विकेट गंवा दिए थे। स्टायरिश ने 95 गेंदों का सामना करते हुए नौ चौकों और एक छक्के की मदद से 89 रन बनाए जबकि पहली बार किसी श्रृंखला में कप्तानी कर रहे टेलर ने उदाहरण पेश करते हुए 113 गेंदों पर आठ चौकों और एक छक्के की सहायता से 95 रनों की बेशकीमती पारी खेली।
इसके अलावा कीवी टीम का कोई और बल्लेबाज अपनी छाप नहीं छोड़ सका। सलामी बल्लेबाज पीटर इंग्राम (12), मार्टिन गुपटिल (11), पहला एकदिवसीय मैच खेल रहे युवा बल्लेबाज केन विलियमसन (0), हरफनमौला जैकब ओरम (14), ग्रांट इलियट (7), गारेथ हॉपकिंस (10) और केइल मिल्स (9) ने निराश किया।
डरेल टफी ने 13 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 19 रनों की आकर्षक पारी खेली। भारत की ओर से आशीष नेहरा ने सर्वाधिक चार विकेट झटके। प्रवीण कुमार के खाते में तीन विकेट गए जबकि प्रज्ञान ओझा और युवराज सिंह को एक-एक सफलता मिली।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications