टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए किवी टीम के कप्तान रॉस टेलर ने 30 गेंदों पर एक चौके की मदद से 11 रन बनाए थे जबकि स्कॉट स्टायरिश 28 गेंदों पर 11 रन बनाकर खेल रहे थे।
न्यूजीलैंड टीम का तीसरा विकेट केन विलियमसन के रूप में गिरा। अपना पहला अंतर्राष्ट्रीय मैच खेल रहे केन को प्रवीण कुमार ने आउट किया। वह खाता भी नहीं खोल सके। यह विकेट 28 रन के कुल योग पर गिरा था।
इससे ठीक पहले, आशीष नेहरा ने 27 रन के कुल योग पर पीटर इंग्राम को आउट किया था। इंग्राम ने 17 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 12 रन बनाए। उनका कैच धौनी ने लपका।
भारत को पहली सफलता दिलाने का श्रेय भी प्रवीण कुमार को मिला। प्रवीण ने 15 रन के कुल योग पर मार्टिन गुपटिल को चलता किया। गुपटिल ने 11 रन बनाए। उन्होंने छह गेंदों पर दो चौके जड़े।
भारतीय टीम जहां इस मैच में अपने कुछ खास सितारों के बगैर उतरी है वहीं न्यूजीलैंड की ओर से केन विलियमसन अपना पहला अंतर्राष्ट्रीय मुकाबला खेल रहे हैं।
न्यूजीलैंड की कप्तानी धुरंधर बल्लेबाज टेलर के हाथ में है। नियमित कप्तान डेनियल विटोरी और विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रेंडन मैक्लम इस श्रृंखला में नहीं खेल रहे हैं। दोनों पिता बनने वाले हैं।
इस श्रृंखला के लिए भारत ने सचिन तेंदुलकर, हरभजन सिंह और गौतम गंभीर को आराम दिया है। चोट के कारण ईशांत शर्मा इस मैच से बाहर हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।