समरवीरा की बाईं जांघ में फंसी गोली निकाली गई
श्रीलंका के समाचार पत्र 'कोलंबो टाइम्स' के मुताबिक चिकित्सकों ने दो घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद गोली निकालने की पुष्टि की। चिकित्सकों ने कहा है कि श्रीलंकाई बल्लेबाज अब पूरी तरह स्वस्थ हैं।
आतंकी हमले के दौरान सबसे ज्यादा जख्मी हुए समरवीरा को बुधवार को कोलंबो पहुंचने के साथ ही एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसी दिन चिकित्सकों ने उनका ऑपरेशन करने का फैसला किया।
श्रीलंकाई टीम के कप्तान माहेला जयवर्धने ने कहा कि समरवीरा के सामने लंबा करियर है और यही कारण है कि त्वरित कार्रवाई के अंतर्गत उनकी जांघ में फंसी गोली को निकालने का फैसला किया गया।
कप्तान ने कहा, "सबसे अच्छी बात यह है कि गोली ने समरवीरा की जांघ की नसों को नुकसान नहीं पहुंचाया। गोली उनके घुटने की जोड़ के करीब फंसी हुई थी, लिहाजा उसे जल्द से जल्द निकालने का फैसला किया गया।"
चिकित्सकों ने कहा है कि समरवीरा को एक सप्ताह अस्पताल में बिताना होगा। इसके बाद उन्हें कम से कम दो महीने तक पूर्ण विश्राम करना होगा, तभी वह अभ्यास शुरू करने की स्थिति में आ सकेंगे।
उल्लेखनीय है कि टीम होटल से गद्दाफी स्टेडियम जाते वक्त अज्ञात बंदूकधारियों ने श्रीलंकाई टीम के काफिले पर स्वचलित हथियारों से हमला किया था, जिसमें कप्तान जयवर्धने, कुमार संगकारा, असंथा मेंडिस, समरवीरा, थरंगा पारानाविताना और चमिंडा वास घायल हो गए थे जबकि छह सुरक्षाकर्मी मारे गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications