कोलंबो टेस्ट : तेंदुलकर का दोहरा शतक, भारत के 589 रन (लीड-3)
तेंदुलकर ने 338 गेंदों पर 23 चौकों और एक छक्के की मदद से अपना पांचवां दोहरा शतक पूरा किया। वह 202 रन बनाकर खेल रहे हैं जबकि धौनी ने 56 गेंदों पर छह चौकों की सहायता से 50 रन बनाए हैं। भारत श्रीलंका की पहली पारी के स्कोर से अब भी 53 रन पीछे चल रहा है।
तेंदुलकर ने 2004 में बांग्लादेश के खिलाफ 248 नाबाद, 2004 में आस्ट्रेलिया के खिलाफ 241 नाबाद, 1999 में न्यूजीलैंड के खिलाफ अहमदाबाद में 217 और 2000 में जिंबाब्वे के खिलाफ 201 नाबाद रनों की पारी खेली थी।
तेंदुलकर टेस्ट मैचों में पांच दोहरे शतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज हैं। इससे पहले भारत के राहुल द्रविड़ और आस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान रिकी पोंटिंग पांच-पांच दोहरे शतक लगा चुके हैं।
टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक 12 दोहरे शतक लगाने का रिकार्ड महान बल्लेबाज सर डॉन ब्रैडमैन के नाम दर्ज है। ब्रैडमैन ने 52 टेस्ट मैचों में 99.94 के औसत से रन बनाए थे। उन्होंने 12 बार 200 रनों का आंकड़ा पार किया था।
दूसरे स्थान पर वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान ब्रायन लारा (9) हैं जबकि इंग्लैंड के वॉली हेमंड और श्रीलंकाई क्रिकेट टीम के कप्तान कुमार संगकारा सात-सात दोहरे शतकों के साथ इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं।
भारत ने अपना पांचवां विकेट सुरेश रैना के रूप में गंवाया है। रैना 120 रन बनाकर पेवेलियन लौटे। अपने पहले ही टेस्ट मैच में शतक लगाने वाले रैना ने 228 गेंदों का सामना करते हुए 12 चौके और दो छक्के लगाए।
रैना ने तेंदुलकर के साथ पांचवें विकेट के लिए 256 रनों की साझेदारी निभाकर भारत को फॉलोऑन के खतरे से उबारा। इस शतक के साथ रैना ने अपना नाम रिकार्डबुक में दर्ज करा लिया। वह पहले ही टेस्ट मैच में शतक लगाने वाले 12वें भारतीय हैं।
इस पारी के साथ रैना का नाम लाला अमरनाथ, आर.अच. सोधन, ए.जी. कृपाल सिंह, आसिफ अली बेग, हनुमंत सिंह जैसे गुजरे जमाने के क्रिकेटरों की सूची में शुमार हो गया।
भारतीय आधुनिक क्रिकेट इतिहास में अपने पहले ही मैच में शतक लगाने वालों में प्रवीण आमरे, गुंडप्पा विश्वनाथ, मोहम्मद अजहरूद्दीन, वीरेंद सहवाग और सौरव गांगुली जैसे दिग्गजों के नाम भी शामिल हैं। अजहरूद्दीन के नाम लगातार तीन मैचों में शतक लगाने का अनोखा रिकार्ड है।
इससे पहले, भारतीय टीम ने तीसरे दिन के खेल की समाप्ति तक चार विकेट खोकर 382 रन बनाए थे। तीसरे दिन तेंदुलकर ने सूरज रांडीव की गेंद को चार रनों के लिए सीमा रेखा के बाहर भेजकर अपना 48वां टेस्ट शतक पूरा किया था। तेंदुलकर का चौथे क्रम पर खेलते हुए 42वां शतक है।
भारत ने तीसरे दिन 241 रनों के कुल योग पर वीरेंद्र सहवाग (99), मुरली विजय (58), राहुल द्रविड़ (3) और लक्ष्मण (29) के विकेट खो दिए थे। लक्ष्मण ने तेंदुलकर के साथ चौथे विकेट के लिए 68 रन जोड़े।
इससे पहले तीसरे दिन सहवाग शतक लगाने से चूक गए। सहवाग 99 रन बनाकर आउट हुए थे। सहवाग अपने करियर में चौथी बार 'नर्वस नाइंटीज' का शिकार हुए। श्रीलंकाई टीम ने दूसरे दिन मंगलवार को कप्तान कुमार संगकारा के दोहरे शतक और उपकप्तान माहेला जयवर्धने की शतकीय पारी की बदौलत चार विकेट पर 642 रन बनाकर अपनी पहली पारी घोषित कर दी थी।
गॉल टेस्ट में 10 विकेट से हार झेल चुकी भारतीय टीम के लिए दूसरा टेस्ट बेहद महत्वपूर्ण है। अगर तीन मैचों की इस श्रृंखला में भारतीय टीम की हार होती है तो उससे सर्वोच्च वरीयता प्राप्त टेस्ट टीम का ताज छिन जाएगा। तीन मैचों की श्रृंखला में मेजबान टीम 1-0 की बढ़त बनाए हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications