आस्ट्रेलियन ओपन की आधिकारिक वेबसाइट 'आस्ट्रेलियन ओपन डॉट कॉम' के मुताबिक रविवार को खेले गए प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में सानिया-भूपति की गैरवरीयता प्राप्त जोड़ी ने आस्ट्रेलिया की एनेस्टेसिया रोडियोनोवा और स्टीफन हस की जोड़ी को 54 मिनट में 6-2, 6-1 से पराजित किया।
अगले दौर में सानिया और भूपति का सामना कनाडा की एलेक्जेंड्रा वोजनैक और डेनियल नेस्टर की जोड़ी तथा चीन की यी जान और बहामास के मार्क नोल्स की जोड़ी के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से होगा।
दूसरी ओर, जिंबाब्वे की कारा ब्लेक के साथ खेल रहे पेस ने जर्मनी की एना लेना ग्रोएनफील्ड और सर्बिया के नेनाद जिमोनजिक को पराजित किया। पेस-ब्लेक ने यह मुकाबला 6-4, 4-6, 10-7 से जीता।
पेस और ब्लेक अगले दौर में स्विट्जरलैंड की पैटी श्नाइडर और दक्षिण अफ्रीका के वेसले मूडी की जोड़ी से भिड़ेंगे, जिसने रूस की एलिसा क्लेबेनोवा और ब्राजील के ब्रूनो सोरेस को 6-3, 6-4 से पराजित किया।
उधर, बालकों के जूनियर वर्ग में भारत के युकी भांबरी भी अगले दौर में जगह बनाने में सफल रहे हैं। रविवार को ही खेले गए रोमांचक मुकाबले में युकी ने जर्मनी के सांचेज डेलफिन को 4-6, 6-1, 8-6 से पराजित किया। युकी दूसरे दौर में पहुंच गए हैं।
अगले दौर में युकी का सामना आस्ट्रेलिया के स्टीफन होह से होगा, जिन्होंने अमेरिका के हैरी फ्लावर को 4-6, 6-3, 6-2 से हराकर बाहर का रास्ता दिखाया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।