जोकोविक के लिए नए साल की शुरुआत अच्छी नहीं रही। मंगलवार को खेले गए मुकाबले में विश्व के 53वें वरीयता प्राप्त लातवियाई खिलाड़ी एनेस्ट्स गुल्बिस ने उन्हें 6-4, 6-4 से पराजित किया।
शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी के तौर पर टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी पेश कर रहे जोकोविक ने स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर को विश्व वरीयता क्रम के दूसरे पायदान से हटाने की मुहिम के साथ नए साल की शुरुआत की थी लेकिन पहले ही मुकाबले में उन्हें नाकामी हाथ लगी।
जोकोविक ने कहा, "मैं घबराया नहीं हूं। मेरा लक्ष्य स्पष्ट है। इस वर्ष के अंत तक मैं विश्व वरीयता क्रम में दूसरे पायदान पर पहुंचना चाहता हूं। इस महीने होने वाला आस्ट्रेलियन ओपन इस दिशा में मेरी मदद करेगा। इस वर्ष मैं यह खिताब जीतना चाहता हूं।"
दूसरी ओर, पांचवीं वरीयता प्राप्त बेरडिक ने आस्ट्रेलिया को ब्रेंडन क्लीन को 6-0, 6-4 से पराजित किया। एक अन्य मुकाबले में फ्रांस के फ्लोरेंट सेरा ने पूर्व फ्रेंच ओपन विजेता स्पेन के जुआन कार्लोस फरेरो को 6-3, 7-6 (7-3) से हराया।
मैथ्यू भी आसान जीत के साथ दूसरे दौर में पहुंचने में सफल रहे। उन्होंने रूस के तिमुराज गाबाशिवली को 6-3, 6-3 से हराया।
क्रोएशिया के मारियो एंकिक भी जीत हासिल करने में सफल रहे लेकिन उन्हें इसके लिए काफी मेहनत करनी पड़ी। एंकिक ने अमेरिका के आमेर डेलिक को 7-6 (7-2), 6-7 (4-7), 7-6 (8-6) से हराया। पुरुष वर्ग के एक अन्य मुकाबले में जापान के केई निशीकोरी ने बॉबी रेनॉल्ड्स को 6-3, 6-2 से हराया।
महिला वर्ग में बेलारूस की विक्टोरिया एजारेंका ने स्लोवाकिया की जार्मिला गाद्जोसोवा को 7-6 (7-4), 7-5 से और 2007 में विंबलडन का फाइनल खेलने वाली फ्रांस की मैरियन बारतोली ने हंगरी की मेंडिला सेजिंक को 5-7, 6-3, 6-1 से हराया।
इंड-एशियन न्यूज सर्विस।