मोदी ने मनोहर व श्रीनिवासन पर लगाए गंभीर आरोप
नई दिल्ली, 25 मई (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के निलंबित अध्यक्ष ललित मोदी ने मंगलवार को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के अध्यक्ष शशांक मनोहर और सचिव एन.श्रीनिवासन पर गंभीर आरोप लगाए। मोदी ने दोनों के कई सारे निर्णयों को दोषपूर्ण बताया और उन्हें अवैधानिक व फर्जी करार दिया।
मोदी ने मनोहर और श्रीनिवासन से कहा कि उन्हें मोदी को दिए गए कारण बताओ नोटिस के संबंध में होने वाली सभी कार्यवाहियों से खुद को बचाएं। इसके साथ ही मोदी ने इस मामले में एक स्वतंत्र जांच समिति के गठन की मांग की, क्योंकि आईपीएल गवर्निग काउंसिल के सदस्य के नाते दोनों सभी निर्णयों में पक्ष हैं।
ज्ञात हो कि आईएएनएस ने 14 मई को खबर दी थी कि मोदी ने अपने ऊपर थोपे गए कारण बताओ नोटिस के जवाब के साथ मनोहर व श्रीनिवासन के खिलाफ एक लंबा आरोप पत्र तैयार कर रखा है।
मोदी ने 10 दिनों तक इंतजार किया कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के प्रमुख इस मामले पर गौर करेंगे। लेकिन ऐसा कुछ न होने के बाद उन्होंने दोनों अधिकारियों के खिलाफ अपना 14 पृष्ठों का आरोप पत्र गवर्निग काउंसिल के सभी सदस्यों को भेज दिया।
मोदी ने अपने पत्र में लिखा है कि किस तरह से मनोहर बीसीसीआई द्वारा मोदी के ऊपर लगाए गए कुछ आरोपों में अकेले संलिप्त थे।
मोदी ने लिखा है कि निविदाओं की प्रारंभिक ओपनिंग को रद्द करने का विवादास्पद निर्णय मनोहर ने ही लिया था और उन्होंने ही नियमों को दरकिनार कर पूर्व विदेश राज्य मंत्री शशि थरूर के मामले पर विचार किया था और समय सीमा समाप्त होने के काफी समय बाद कोच्चि फ्रेंचाइजी के लिए निविदा स्वीकार किया था।
मोदी ने श्रीनिवासन के खिलाफ भी बहुत गंभीर आरोप लगाए हैं। मोदी ने श्रीनिवासन पर बोर्ड की बैठकों के मिनट के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। इसके साथ ही तीसरे संस्करण के लिए खिलाड़ियों की नीलामी और दक्षिण अफ्रीका में हुए दूसरे आईपीएल में अपनी टीम, चेन्नई सुपर किंग्स को मदद पहुंचाने के लिए अंपायरों की नियुक्ति में धांधली करने तथा बोर्ड सचिव के रूप में पद का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications