Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block

बेंगलुरू टेस्ट : तेंदुलकर ने जड़ा 49वां शतक, भारत मजबूत स्थिति में (राउंडअप)

भारत ने सोमवार को खेल खत्म होने तक पांच विकेट के नुकसान पर 435 रन बना लिए। पहली पारी के आधार पर भारतीय टीम आस्ट्रेलिया से अभी भी 43 रन पीछे है जबकि उसके पांच खिलाड़ी अभी शेष हैं।

मास्टर ब्लास्टर साचिन तेंदुलकर दोहरे शतक से महज नौ रन दूर 191 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं जबकि कप्तान महेंद्र सिंह धौनी 11 रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं।

दूसरे दिन के स्कोर दो विकेट पर 128 रन से आगे खेलते हुए सचिन और विजय ने तीसरे दिन पूरी सूझबूझ के साथ पारी को आगे बढ़ाया। इस बीच सचिन और विजय ने अपने-अपने अर्धशतक पूरे किए। इसके बाद वह क्षण आया जब सचिन ने क्रिकेट की दुनिया में एक और शिखर छू लिया। सचिन ने नॉथन हॉरिट्ज की गेंद पर छक्का लगाकर टेस्ट मैचों में 49वां शतक पूरा किया। मास्टर ब्लास्टर ने शतक लगाने के लिए 157 गेंदों का सामना किया। इसमें उन्होंने 15 चौके और दो छक्के लगाए।

सचिन के बाद विजय ने भी अपने टेस्ट करियर का पहला शतक जड़ दिया। आस्ट्रेलिया के खिलाफ दो साल पहले टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करने वाले विजय अब तक भारतीय टीम में अपना स्थान पक्का करने की कोशिश करते रहे हैं। गौतम गंभीर के अनफिट होने के बाद टीम में शामिल किए विजय ने इस बार अपने आलोचकों को करारा जवाब दिया है।

भारतीय टीम को खेल के तीसरे दिन चायकाल तक कोई झटका नहीं लगा। चायकाल के बाद मिशेल जानसन की गेंद पर मुरली विजय 139 रनों के निजी स्कोर पर आउट हुए। सचिन के साथ मिलकर विजय ने तीसरे विकेट के लिए 308 रनों को रिकार्ड साझेदारी की।

विजय के आउट होने के बाद अपना पहला मैच खेल रहे पुजारा भी चार रन बनाकर पेवेलियन लौट गए। वह भी जानसन का शिकार बने। इसके बाद सुरेश रैना 32 रन बनाकर पेवेलियन लौट गए।

वैसे दूसरे दिन भारतीय टीम ने वीरेंद्र सहवाग और राहुल द्रविड़ का विकेट जल्द ही खो दिया था। सहवाग 28 गेंदों पर 30 रन बनाकर आउट हुए थे जबकि द्रविड़ एक रन बनाकर जानसन का शिकार बने। इसके बाद सचिन ने विजय के साथ मिलकर टीम को संकट से उबारा। मास्टर ब्लास्टर ने टेस्ट मैचों में अपने 14,000 रन भी पूरे किए। यह मुकाम हासिल करने वाले वह दुनिया के इकलौते बल्लेबाज हैं।

श्रृंखला में 0-1 से पीछे चल रही आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम ने पहली पारी में 478 रन बनाए। मेहमान टीम की ओर से मार्कस नॉर्थ ने 128 रनों की पारी खेली। मेहमान टीम की ओर से पहले दिन कप्तान रिकी पोंटिंग ने 77 और सलामी बल्लेबाज ने 57 रनों की पारी खेली थी। इनके अलावा साइमन कैटिच ने भी 43 रन बनाए थे।

भारत की ओर से हरभजन ने 148 रन खर्च करके चार और ओझा ने 120 रन देकर तीन विकेट चटकाए। इनके अलावा जहीर खान और सुरेश रैना ने एक-एक विकेट लिए। इस मैच में ईशांत शर्मा के स्थान पर टीम में शामिल किए गए शांताकुमारन श्रीसंत को कोई सफलता नहीं मिली। यह मुकाबला दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला का आखिरी मैच है। मोहाली में खेले गए पहले मैच में भारत ने आस्ट्रेलिया को एक विकेट से हरा दिया था।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 12:46 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+