बाघा बार्डर से भारत पहुंचेगी राष्ट्रमंडल मशाल
चण्डीगढ़, 22 जून (आईएएनएस)। राष्ट्रमंडल खेलों की मशाल यात्रा 'क्वीन्स बैटन रिले' बाघा बार्डर के रास्ते शुक्रवार सुबह 9.25 बजे पाकिस्तान से भारत में प्रवेश करेगी। राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन अक्टूबर में होना है।
राष्ट्रमंडल खेलों की मशाल को अक्टूबर में खेल शुरुआत होने से पहले पूरे देश में घुमाया जाएगा तथा इस अवसर पर एक बड़े समारोह का आयोजन भी किया जाएगा।
भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) और पंजाब सरकार के नोडल अधिकारी राजा सिद्धू ने बताया, "पाकिस्तान ओलंपिक संघ के अध्यक्ष सईद आरिफ हसन मशाल को भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष सुरेश कलमाड़ी को बाघा बार्डर पर सौपेंगे। इस अवसर पर एक सामारोह के दौरान कलमाड़ी के साथ संघ के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।"
पाकिस्तान की सीमा पार करने के बाद यह मशाल देश के 28 राज्यों और सात केंद्र शासित प्रदेशों में 20,000 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करते हुए 30 सितंबर को नई दिल्ली में पहुंचेगी।
गौरतलब है कि राजधानी दिल्ली में तीन से 14 अक्टूबर तक राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन किया जाएगा। वर्ष 1982 में देश में हुए एशियन गेम्स के बाद यह खेलों के लिहाज से सबसे बड़ा आयोजन होगा।
सिद्धू ने बताया, "पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को यह मशाल सौंपी जाएगी। ओलंपिक खेलों में हिस्सा ले चुके अभिनव बिंद्रा, विजेंदर सिंह और सुशील कुमार के भी यहां मौजूद रहने की संभावना है। इस समारोह के दौरान हजारों लोगों के इक्कठा होने की उम्मीद है।"
पंजाब के खेल निदेशक और नोडल अधिकारी परगट सिंह ने बताया कि समारोह लगभग 8 बजे प्रारंभ किया जाएगा। मशाल के अमृतसर जाने से पहले यहां एक विशेष सांस्कृतिक समारोह का आयोजन किया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications