1st T20: धोनी ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, ऐसा करने वाले इकलौते भारतीय गेंदबाज बने भुवी
जोहान्सबर्ग। टेस्ट सीरीज में 2-1 की हार के बाद भारत ने दक्षिण अफ्रीका को वनडे सीरीज में 5-1 से हराकर इतिहास रचा था। अब तीन मैचों की टी20 सीरीज में भी टीम इंडिया ने जीत से आगाज किया है।
भुवनेश्वर कुमार के शानदार पांच विकेट हॉल की मदद से टीम इंडिया ने पहले टी20 मैच में दक्षिण अफ्रीका को 28 रनों से हराकर सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है। शिखर धवन की 72 रनों की धुआंधार पारी की मदद से टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 203 रनों का स्कोर बनाया। जवाब में मेजबान टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 175 रन ही बना सकी। हालांकि रीजा हैन्ड्रिक्स ने 70 रनों की शानदार पारी खेली लेकिन वो टीम को जीत नहीं दिला सके। इस मैच में टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने अनेकों अनोखे रिकॉर्ड अपने नाम किए।

ये कारनामा करने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बने भुवी
भुवनेश्वर ने 4 ओवर में 24 रन देकर 5 विकेट झटके, जो भारत के लिए टी20 में दूसरा सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है। इसी के भुवी टीम इंडिया के लिए पांच विकेट हॉल लेने वाले दूसरे गेंदबाज बन गए। लेकिन क्रिकेट के तीनों फॉर्मट में पांच विकेट हॉल लेने वाले भुवनेश्वर कुमार इकलौते भारतीय गेंदबाज बने हैं। भुवनेश्वर कुमार ने टेस्ट में चार बार पांच विकेट हॉल अपने नाम किए हैं जबकि वनडे और टी20 में एक-एक बार ये कारनामा किया है। इससे पहले कोई भी भारतीय गेंदबाज तीनों फॉर्मट में पांच विकेट हॉल लेने का कारनामा नहीं कर सका है।

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरा बेस्ट प्रदर्शन करने वाले गेंदबाज बने भुवी
5/06 उमर गुल, सेंचुरियन, 2013
5/19 अहसान मलिक, चटगांव, 2014
5/24 भुवनेश्वर कुमार, जोहान्सबर्ग, 2018
यहीं नहीं भुवनेश्वर कुमार युजुवेन्द्र चहल (6/25) के बाद टी-20 में पांच विकेट हॉल लेने वाले दूसरे भारतीय गेंदबाज भी बन गए हैं।

धोनी का वर्ल्ड रिकॉर्ड
एमएस धोनी भले ही बल्ले से अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हों लेकिन उन्होंने फिर भी एक बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। जी हां, दरअसल धोनी टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा कैच लेने वाले विकेट कीपर बन गए हैं। धोनी के नाम अब 262 पारियों में 134* कैच हो गए हैं। धोनी ने श्रीलंका के दिग्गज कुमार संगकारा को पीछे छोड़ दिया है जिनके नाम 194 पारियों में 133 टी20 कैच हैं। तीसरे नंबर पर अब दिनेश कार्तिक हैं जिन्होंने 196 पारियों में 123 कैच लपके हैं।

अफ्रीका के खिलाफ सबसे तेज फिफ्टी लगाने वाले बल्लेबाज बने धवन
शिखर धवन ने भारत की तरफ से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सबसे तेज टी20 फिफ्टी लगाने का कारनामा अपने नाम किया है। धवन ने 27 गेंदों में फिफ्टी जड़ ये कारनामा अपने नाम किया।

टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में विराट का विकेट लेने वाले पांचवे गेंदबाज बने शमसी
अफ्रीका के स्पिन गेंदबाज तबरेज शमसी का नाम उस लिस्ट में शामिल हो गया है जिसने अपना पहला टी20 विकेट कोहली का लिया हो। इससे पहले ब्रैड हॉज (2012), मिचेल मार्श (2012) स्टुअर्ट मीकर (2012) मोहम्मद इरफान (2012) और अब तबरेज शमसी ने बतौर पहला विकेट कोहली को आउट किया।

टीम इंडिया ने टी20 के पावर प्ले में बनाया सबसे बड़ा रिकॉर्ड
इस मैच में भारतीय टीम ने पावर प्ले के 6 ओवरों में बिना कोई विकेट खोए 78 रन बनाए। टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में ये भारत का सर्वोच्च स्कोर है। इससे पहले भारत ने 2009 में श्रीलंका के खिलाफ 6 ओवरों में 1 विकेट खोकर 77 रन बनाए थे। यही नहीं भारत 8.2 ओवर में ही स्कोर 100 के पर पहुंच गया था। ये भी भारतीय टीम का ये सबसे तेज शतक है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
