oi-Amit Kumar
नई दिल्ली। अभी हाल ही में श्रीलंका में होने वाली त्रिकोणीय निदहास ट्रॉफी के लिए भारतीय टीम का ऐलान हुआ। इस टीम में जहां घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करने वाले ऋषभ पंत, दीपक हुड्डा और वाशिंगटन सुंदर को चुना गया है तो एक ऐसा खिलाड़ी नजरअंदाज किया गया जिसने इस साल घरेलू सीजन में रनों का अंबार लगा दिया। जी हां, हम बात कर रहे हैं कर्नाटक के सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल की।
राष्ट्रीय टीम से अनदेखी की निराशा को भुलाकर विजय हजारे ट्रॉफी के फाइनल में मयंक अग्रवाल ने क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया। शानदार फॉर्म में चल रहा कर्नाटक का यह सलामी बल्लेबाज शतक से जरूर चूक गया, लेकिन उसने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
फिरोज शाह कोटला में सौराष्ट्र के खिलाफ फाइनल में मयंक ने 79 गेंदों में 3 छक्के और 11 चौके की मदद से 90 रनों की पारी खेली। इसके साथ ही इस टूर्नामेंट में मयंक ने कुल 723 रन बना डाले। मयंक के ये रन लिस्ट-ए क्रिकेट (घरेलू वनडे के अलावा इसमें वनडे इंटरनेशनल भी शामिल होता है) सीरीज या टूर्नामेंट में किसी भारतीय बल्लेबाज का रिकॉर्ड है। मयंक से पहले लिस्ट-ए क्रिकेट की सीरीज या टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था, उन्होंने 2003 वर्ल्ड कप के दौरान 673 रन बनाए थे।
मयंक का रणजी में प्रदर्शन
मयंक ने रणजी ट्रॉफी की 13 पारियों में 105.45 के औसत से 1160 रन बनाए। जिसमें 5 शतक, 2 अर्धशतक शामिल हैं। उनका उच्चतम स्कोर 304* रन नाबाद रहा। बता दें कि रणजी के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में मयंक 7वें नंबर पर रहे।
मयंक का सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में प्रदर्शन
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (टी-20) में भी मयंक ने कमाल का प्रदर्शन किया। उन्होंने 9 पारियों में 28.66 के औसत से 258 रन बनाए। जिसमें उन्होंने 3 अर्धशतक भी लगाए। मयंक का उच्चतम स्कोर 86 रन रहा।
मयंक का विजय हजारे ट्रॉफी में प्रदर्शन
मौजूदा विजय हजारे ट्रॉफी (50 ओवर) में मयंक ने 8 पारियों में 90.37 के औसत से 723 रन बनाए। इस बीच मयंक ने 3 शतक, 4 अर्धशतक भी लगाए। उनका उच्चतम स्कोर 140 रहा।
MyKhel से प्राप्त करें ब्रेकिंग न्यूज अलर्ट.
Allow Notifications
You have already subscribed
Story first published: Tuesday, February 27, 2018, 14:16 [IST]
Other articles published on
Feb 27, 2018