त्रिकोणीय श्रृंखला : भारत के 200 रन, 7 विकेट गिरे (लीड-5)
भारतीय टीम ने 42 ओवरों में सात विकेट खोकर 206 रन बनाए हैं। प्रवीण कुमार पांच रन बनाकर खेल रहे हैं जबकि आशीष नेहरा ने खाता नहीं खोला है। 21 रन अतिरिक्त के तौर पर बने हैं।
विस्फोटक सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने करियर का 13वां एकदिवसीय शतक लगातर भारतीय टीम को मजबूती प्रदान की। सहवाग और कप्तान महेंद्र सिंह धौनी के बीच पांचवें विकेट के लिए हुई 107 रनों की साझेदारी की बदौलत भारतीय टीम अपनी स्थिति सुधारने में सफल रही।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 66 रन के कुल योग पर ही अपने चार विकेट गंवा दिए थे लेकिन इसके बाद सहवाग और धौनी ने अपने जुझारूपन से टीम को संतोषजनक स्थिति में पहुंचा दिया।
सहवाग का विकेट 173 रन के कुल योग पर गिरा। उन्होंने 93 गेंदों पर 16 चौकों और एक छक्के की मदद से 110 रन बनाए जबकि धौनी 199 रन के कुल योग पर पेवेलियन लौटे। धौनी ने 75 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 38 रन बनाए।
रवींद्र जडेजा ने 26 गेंदों पर तीन चौकों की सहायता से 17 रन बनाकर तेज शुरुआत की लेकिन वह अपनी रन बनाने की रफ्तार को ज्यादा देर तक कायम नहीं रख सके। जडेजा का विकेट भी 199 के कुल योग पर गिरा।
भारत को चौथा झटका 66 और तीसरा 61 रन के कुल योग पर लगा था। चौथे विकेट के रूप में सुरेश रैना टिम साउदी के शिकार बने जबकि एंडी मैके ने युवराज को अपना निशाना बनाया। रैना एक रन बना सके जबकि युवराज के बल्ले से छह रन निकले।
भारत का पहला विकेट शून्य के कुल योग पर गिरा। सलामी बल्लेबाज दिनेश कार्तिक खाता खोले बगैर केइल मिल्स की गेंद पर गारेथ हॉपकिंस के हाथों विकेट के पीछे लपके गए। कार्तिक का विकेट मैच की तीसरी गेंद पर गिरा।
इसके बाद कुल योग में 27 रन जुड़े थे कि रोहित शर्मा के स्थान पर टीम में शामिल किए गए विराट कोहली निराशाजनक ढंग से टिम साउदी की गेंद पर हॉपकिंस के हाथों लपके गए। कोहली आठ रन बना सके।
इससे पहले, सहवाग ने केइल मिल्स के ओवर में लगातार तीन चौके लगाकर एकदिवसीय मैचों में 1000 चौके पूरे किए। ऐसा करने वाले वह सातवें बल्लेबाज हैं। एकदिवसीय मैचों में सर्वाधिक चौके लगाने का रिकार्ड भारत के सचिन तेंदुलकर के नाम है। तेंदुलकर ने 442 मैचों में अब तक 1927 चौके लगाए हैं।
श्रीलंका के दिग्गज सलामी बल्लेबाज सनत जयसूर्या इस क्रम में दूसरे स्थान पर हैं। जयसूर्या के नाम 444 मैचों में 1500 चौके हैं।
1000 से अधिक चौके लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में आस्ट्रेलिया के कप्तान रिकी पोंटिंग (1164) तीसरे, आस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट (1162) चौथे, भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली (1122) पांचवें और वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान ब्रायन लारा (1035) छठे क्रम पर हैं।
बहरहाल, 'करो या मरो' की स्थिति में पड़ीं दोनों टीमें यह मैच जीतकर फाइनल खेलने का अधिकार हासिल करने की कोशिश करेंगी। मेजबान श्रीलंका की टीम पहले ही फाइनल में पहुंच चुकी है।
श्रृंखला में भारत ने अब तक एक मैच जीता है जबकि दो में उसे हार मिली है। उसने श्रीलंका को पराजित किया था। श्रृंखला के पहले मैच में न्यूजीलैंड ने उसे 200 रनों से पराजित किया था। इसके बाद भारतीय टीम को श्रीलंका के हाथों हार मिली थी।
कीवी टीम ने भारत को हराने के अलावा श्रीलंका के खिलाफ हार का मुंह देखा है जबकि श्रीलंका के साथ खेला जाने वाला उसका दूसरा मैच बारिश के कारण धुल गया था। उस मैच से कीवी टीम को अंक प्राप्त हुए थे।
इंडो-एशियन न्यू्ज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications