बीजिंग ओलंपिक में दस मीटर की एयर राइफल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाले अभिनव बिंद्रा ने कहा, "वर्ष 2002 में जब मैं पंद्रह साल का था, उस समय मैनचेस्टर में मैंने देश का प्रतिनिधित्व किया था। आज मुझे लग रहा है मैं स्वप्न देख रहा हूं। राष्ट्रमंडल खेलों में देश का प्रतिनिधित्व और राष्ट्रीय ध्वज को धारण करना बड़े ही सम्मान की बात है।"
वर्ष 1982 के एशियाड खेलों से लेकर अब तक भारतीय निशानेबाज कई विशाल खेल आयोजनों में राष्ट्रीय ध्वज को धारण कर चुके हैं। विश्व चैंपियनशिप की स्कीट प्रतियोगिता में रजत पदक जीतने वाले स्वर्गीय निशानेबाज कर्णी सिह ने वर्ष 1982 के एशियाड खेलों में राष्ट्रीय ध्वज को धारण कर भारत का नेतृत्व किया था।
इनके अलावा पिस्टल निशानेबाजी के विश्व चैंपियन जसपाल राणा ने वर्ष 1998 में कुआलालंपुर में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय ध्वज को धारण किया था।
एथेंस ओलंपिक में निशानेबाजी में रजत पदक जीतने वाले राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने वर्ष 2006 में मेलबर्न में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों और बीजिंग ओलंपिक में राष्ट्रीय ध्वज को धारण किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।